यूपी बोर्ड की परीक्षा आज से शुरू, तैयारी पूरी
शामली। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटर की परीक्षाएं बृहस्पतिवार (आज) से शुरू हो रहीं हैं। शिक्षा विभाग और प्रशासन पूरे दिन तैयारियों में जुटा रहा। जिले में 39 केंद्रों पर 25234 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। पहले दिन दोनों पाली में हाईस्कूल व इंटर में कॉमन विषय हिंदी का प्रश्नपत्र होने के कारण सभी 39 केंद्रों पर परीक्षा होगी। डीएम जसजीत कौर व एसएसपी सुकीर्ति माधव ने जिला कंट्रोल रूम और परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
पिछले साल कोरोना की वजह से बोर्ड परीक्षाएं रद्द कर दी गईं थीं। शासन ने सभी विद्यार्थियों को प्रोन्नत किया था। इस बार यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटर की परीक्षाएं बृहस्पतिवार से शुरू हो रहीं हैं। इस बार हाईस्कूूल में 13020 और इंटर में 12214 कुल 25234 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। शासन के निर्देश पर नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए इस बार प्रत्येक कक्ष में वॉयस रिकॉर्डर के साथ दो सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। परीक्षा को शांतिपूर्ण कराने और सुरक्षा के मद्देनजर जिले को तीन जोन, 14 सेक्टर में बांटकर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
परीक्षा से पहले दिन बुधवार को शिक्षा विभाग और प्रशासन तैयारियों में जुटा रहा। केंद्रों पर पहले दिन सिटिंग प्लान के अनुसार स्लिप चस्पा की गई और नोटिस बोर्ड पर सूची लगाई गई। पहले दिन अपनी सीट देखने के लिए विद्यार्थी केंद्रों पर पहुंचे। डीएम जसजीत कौर ने आरके इंटर कालेज शामली में परीक्षा केंद्र पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र पर लगे सीसीटीवी कैमरे, स्ट्रांग रूम आदि व्यवस्थाएं देखीं। शाम को डीएम और एसएसपी सुकीर्ति माधव ने डीआईओएस कार्यालय में बनाए गए कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कंट्रोल रूम से केंद्रों पर स्ट्रांग रूम में रखे प्रश्नपत्रों व केंद्रों की व्यवस्थाएं देखीं।
डीआईओएस सरदार सिंह ने बताया कि बोर्ड परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बृहस्पतिवार को पहले दिन पहली पाली में हाईस्कूल व द्वितीय पाली में इंटर की हिंदी की परीक्षा होगी। हिंदी कॉमन विषय होने के कारण सभी पंजीकृत विद्यार्थियों की परीक्षा सभी 39 केंद्रों पर होगी।
केंद्र व्यवस्थापकों ने कक्ष निरीक्षकों को दिया प्रशिक्षण
शामली। बोर्ड परीक्षा शुरू होने से पहले दिन बुधवार को कक्ष निरीक्षकों को सभी केंद्रों पर प्रशिक्षण दिया गया। कक्ष निरीक्षकों की उपस्थिति दर्ज की गई। केंद्र व्यवस्थापकों ने कक्ष निरीक्षकों को प्रशिक्षण देते हुए बताया कि परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन प्रतिबंधित रहेगा। बच्चों को उनकी निर्धारित सीट पर बैठाने की व्यवस्था करेंगे।
- बोर्ड परीक्षा के लिए तैयारी
हाईस्कूल में पंजीकृत विद्यार्थी - 13020
इंटर में पंजीकृत विद्यार्थी - 12214
परीक्षा केंद्र - 39 ( तीन राजकीय, 25 अशासकीय सहायता प्राप्त, 11 वित्त विहीन मान्यता प्राप्त विद्यालय)
जोन - तीन
सेक्टर -14
स्टेटिक मजिस्ट्रेट - 39
जिला कंट्रोल रूम - डीआईओएस कार्यालय
प्रथम पाली की परीक्षा - सुबह आठ से सवा 11 बजे तक।
द्वितीय पाली की परीक्षा - दोपहर दो बजे से सवा पांच बजे तक।