शामली। एक सप्ताह पूर्व 11 नलकूपों पर हुई चोरी के मामले में पुलिस बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा पाई है। पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर किसानों में बेहद गुस्सा है। पांच जनवरी तक चोरी का खुलासा न होने पर एसपी सुकीर्ति माधव से मिलने का निर्णय लिया गया।
लिसाढ़ गांव में शनिवार को सुशील मलिक के आवास पर किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सवित मलिक की मौजूदगी में गांव के किसानों की एक बैठक हुई। किसानों ने बताया कि 24 दिसंबर की रात 11 नलकूपों पर चोरी की घटना हुई थी। एक सप्ताह बीतने के बाद भी पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। सवित मलिक ने पुलिस चौकी से पुलिस कर्मियों को बुलाकर नलकूपों पर हुई चोरी की प्रगति की जानकारी ली। पांच जनवरी तक खुलासा करने का समय दिया। किसानों ने चेतावनी दी कि पांच जनवरी के बाद किसान एसपी शामली सुकीर्ति माधव से मिलेंगे। बैठक में महिपाल सिंह, सुशील मलिक, शिवम मलिक, जयपाल सिंह, राजेंद्र सिंह, ऋषि पाल मलिक, राज सिंह मुखिया आदि तमाम किसान उपस्थित रहे।