कर्नाटक से आए दो युवकों की पुलिस ने सीएचसी में कराई जांच
कैराना। कर्नाटक के बंगलूरू से अपने घर कैराना लौटे दो युवकों के स्वास्थ्य की पुलिस ने सीएचसी कैराना में जांच कराई। जांच के दौरान दोनों युवक के स्वस्थ मिलने पर उन्हें घर भेज दिया गया।
कस्बा कैराना के एक मोहल्ला निवासी दो युवक कर्नाटक के बंगलूरू में हेयर सैलून चलाते हैं। कर्नाटक में लाक डाउन होने के चलते दोनों युवक रविवार शाम अपने घर वापस आ गए। सोमवार सुबह आसपास के लोगों को दोनों युवकों के दूसरे राज्य से आने के कारण तरह-तरह की शंका हुई। लोगों ने कोरोना वायरस की शंका दूर करने के लिए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर किला गेट पुलिस चौकी प्रभारी एसआई धर्मेंद्र सिंह यादव दोनों युवक के घर पहुंचे और उनको साथ लेकर सरकारी अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने दोनों की गहनता से जांच की, जिसमें दोनों युवक स्वस्थ मिले और उनमें कोरोना का कोई लक्षण नहीं मिला। इसके बाद दोनों को घर भेज दिया गया। कोतवाली प्रभारी यशपाल धामा ने बताया की दो युवकों को सरकारी अस्पताल ले जाया गया था। चिकित्सकों की जांच में दोनों युवक स्वस्थ पाए गए। सरकारी अस्पताल के डा. विकास कर्णवाल ने बताया की दो युवकों की जांच की गई है, लेकिन उनमें कोरोना का कोई लक्षण नहीं था।