कैराना। कोरोना वायरस के प्रकोप को देखते हुए मुस्लिम धर्मगुरु ने लोगों से मस्जिदों में नमाज अदा न कर घरों में नमाज अदा करने की अपील की है।
सोमवार को अल कुरआन एकेडमी ने कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए अपील की। अल कुरआन एकेडमी के डायरेक्टर मुफ्ती अतहर शम्सी ने बताया कि कुरआन के चैप्टर 2 की आयत संख्या 185 में बताया गया कि अल्लाह तुम्हारे साथ नरमी चाहता हैं, वह तुम्हारे साथ सख्ती नहीं चाहता। लिहाजा लोगों को चाहिए कि वे कुरआन की इस आयत पर गौर करें और अपनी नमाजें मस्जिद के बजाए अपने घरों में पढ़ें। चूंकि यह छूट खुद कुरआन ने लोगों को दी हैं। इसलिए नमाजें घर पर पढ़ने से सवाब में भी कोई कमी नहीं होगी। कहा कि मस्जिदों को बिल्कुल बंद हरगिज नहीं करना चाहिए। बल्कि मस्जिद के इमाम और मुअज्जिन यहां जमाअत अदा करते रहें और बाकी लोग अपने घरों में नमाज अदा करें। ताकि मस्जिद भी बंद न हो और लोगों के स्वास्थ्य की भी हिफाजत हो सके। उन्होंने डब्लूएचओ की गाइडलाइन के मुताबिक लोगों को एक मीटर की दूरी बनाकर बात करने एवं साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की भी अपील की है।