छह दिन पहले दुकान की छत तोड़कर डेढ़ करोड़ रुपये के सोने-चांदी के जेवर किए थे चोरी
मुख्य आरोपी की तलाश में लगी पुलिस टीमें
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। शहर के गांधी चौक के निकट नाला पटरी स्थित सराफ की दुकान से छह दिन पहले डेढ़ करोड़ रुपये के सोने-चांदी के जेवर चोरी होने की वारदात का खुलासा करते हुए 16 वर्षीय दो किशोरों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी के साढ़े 37 किलो चांदी के जेवर बरामद किए। मुख्य आरोपी अभी पकड़ में नहीं आया है।
मोहल्ला गुजरातियान निवासी दीपक वर्मा की नाला पटरी स्थित सराफ की दुकान की छत फाड़कर चोरों ने करीब डेढ़ करोड़ रुपये के जेवर चोरी कर लिए थे। पीड़ित सराफ की तरफ से शहर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
एसपी एनपी सिंह ने बताया कि इस वारदात में शहर कोतवाली पुलिस व एसओजी टीम ने शहर के सती माता मंदिर से आगे जिला अस्पताल जाने वाले मार्ग से दो किशोरों को हिरासत में लिया गया, जिनकी निशानदेही पर करीब 37.50 किलोग्राम चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं। दोनों आरोपियों की उम्र 16 वर्ष के आसपास है और कस्बा बनत के निवासी हैं। इस वारदात में मुख्य आरोपी शाकिब निवासी बनत वांछित है, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें लगी है।
चोरी से पहले की थी रेकी
एसपी एनपी सिंह ने बताया कि हिरासत में लिए गए किशोरों ने पूछताछ में बताया कि उन दोनों ने अपने साथी के साथ बाजार में घूमकर कई दिन तक रेकी की थी। इस दौरान यह देखा था कि किसकी छत या दीवार कमजोर है। कूड़ा बीनने के बहाने दुकान के पीछे जाकर लोकेशन देखी थी।
इसके बाद दुकान को चिह्नित कर चोरी की योजना बनाई थी। मंगलवार रात को आरोपी नाले के रास्ते दुकान के पीछे पहुंचे और पेड़ के सहारे छत पर पहुंचे और लोहे के सब्बल से छत तोड़कर दुकान में घुसकर चोरी की थी। चोरी किए जेवर का डिब्बा सुबह होने के डर से नाले के पास मिट्टी में दबा दिए थे। एसपी ने बताया कि करीब छह माह पहले भी आरोपी किशोरों को आदर्श मंडी पुलिस ने दुकान में चोरी करने के आरोप में पकड़ा था।
व्यापारी बोले, अभी आधा खुलासा हुआ
पीड़ित सराफ दीपक वर्मा ने बताया कि पुलिस ने अभी आधा खुलासा किया है। उनकी दुकान से करीब 42 किलोग्राम चांदी और करीब 500 ग्राम सोने के जेवर चोरी हुए थे। पुलिस ने सिर्फ चांदी के जेवर बरामद होना बताया है। सोने के जेवर अभी नहीं मिले हैं। जांच अधिकारी कोतवाली प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपी वांछित है, जिसकी गिरफ्तारी के बाद सही स्थिति सामने आ सकेगी।