ऊन प्राथमिक स्कूल सिरसागढ में निरीक्षण करते सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी निदेशक बेसिक योगराज सिं
- फोटो : SHAMLI
दो शिक्षक और एक शिक्षामित्र मिले अनुपस्थित
शामली, ऊन। सहायक निदेशक बेसिक शिक्षा सहारनपुर (एडी बेसिक) ने ब्लाक ऊन में स्कूलों का निरीक्षण किया। इस दौरान दो विद्यालयों में दो शिक्षक एवं एक शिक्षामित्र अनुपस्थित मिले। साथ ही स्कूलों में कमियां पाई गई।
सहायक निदेशक बेसिक शिक्षा योगराज सिंह शुक्रवार को प्राथमिक विद्यालय सिरसागढ़ में पहुंचे। वहां शिक्षिका मोनिका चौधरी, शिक्षामित्र जुल्फिकार अनुपस्थित मिले। गांव निवासी मलखान सिंह, ब्रह्मपाल ने बताया कि मोनिका चौधरी 13 फरवरी से और जुल्फिकार पूरे फरवरी में स्कूल नहीं आए। मिड-डे मील का पैसा भी बच्चों के खाते में ट्रांसफर नहीं हो पाया है। प्राथमिक विद्यालय लल्ला दाऊदपुर में अध्यापक रवि कुमार तीन दिन से अनुपस्थित चल रहे हैं। इंचार्ज अध्यापक शालिनी ने बताया कि कंपोजिट ग्रांट अभी तक खर्च नहीं की गई है। विद्यालय का कार्य असंतोषजनक पाया गया।
एडी बेसिक ने विभागीय कार्रवाई एवं वेतन रोकने के निर्देेश दिए। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में खाद्य सामग्री की आपूर्ति निविदा शर्तों के अनुकूल नहीं पाई गई। इस संबंध में बीएसए से स्पष्टीकरण मांगा। खंड शिक्षा कार्यालय में निष्ठा ट्रेनिंग के लिए मंगाई गई सामग्री के बिल वाउचर लिए गए, जिनकी जांच की जाएगी। एडी बेसिक ने बताया कि अनुपस्थित मिले अध्यापकों का वेतन रोकने के आदेश दिए गए हैं।
गांव लव्वा दाउदपुर के जूनियर हाईस्कूल में भवन का निर्माण 2007 में होने के बावजूद अभी तक भवन पर प्लास्टर, फर्श का कार्य नहीं पाया गया और खिड़कियां नहीं हैं। स्कूल में शौचालय की स्थिति भी खराब मिली तथा पीने के पानी की सुविधा नहीं है। स्कूल में एकमात्र अध्यापक संदीप मलिक तैनात हैं। इस पर एडी बेसिक ने बीईओ संजय डबराल के प्रति नाराजगी जताई। उन्होंने स्कूल की पत्रावली तलब की है।