शामली के कांधला में पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में जमकर फायरिंग हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर दोनो पक्षों के लोग वहां से फरार हो गए। मामले को लेकर दोनो ओर से पुलिस को शिकायत करके कार्रवाई की मांग की है।
थाना क्षेत्र के गांव माल्हीपुर निवासी सुफियान व असमीर के बीच काफी समय से किसी बात को लेकर विवाद चला आ रहा है । इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के लोगों के बीच में कई बार झगड़ा हो चुका है। समाज के लोगों ने इनके विवाद को निपटाने के लिए कई बार पंचायत भी की लेकिन कोई समझौता नहीं हो पाया।
शुक्रवार दोपहर फिर से दोनो पक्षों के लोगों में गाली गलौज के बाद मारपीट हो गई। उस समय गांव के लोगों ने दोनो का बीच बचाव करा दिया, लेकिन कुछ समय के बाद ही दोनो पक्षों के लोग हथियार लेकर आमने सामने आ गए। इस दौरान दोनो ओर से जमकर गोलीबारी हुई।
सरेआम गोलीबारी होने के बाद में अफरातफरी का माहौल हो गया। सूचना पुलिस को दी। गांव में पुलिस के पहुंचते ही आरोपी फरार हो गए। दोनो पक्षों एक दूसरे के खिलाफ थाने में शिकायत करके कार्रवाई की मांग की है। उधर, कार्यवाहक थानाध्यक्ष शौकेंद्र पाल का कहना है कि फायरिंग करने वालों की तलाश में दबिश दी जा रही है।