झिंझाना।ग्राम गुर्जरपुर स्थित एक ईंट भट्टे पर सोमवार को दो पक्षों के बीच मिट्टी को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि बात लाठी-डंडों और धारदार हथियारों तक पहुंच गई। झगड़े का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक के हाथ में लाइसेंसी बंदूक भी नजर आ रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
चौसाना क्षेत्र के गांव भड़ी निवासी तारीफ पुत्र शब्बीर ने थाने में दी तहरीर में बताया कि वह गुर्जरपुर में एक ईंट भट्टे पर जेसीबी से गारा तैयार करने का कार्य करता है। इसी दौरान मिट्टी उठाने को लेकर दो युवकों से कहासुनी हो गई। थोड़ी देर में गुर्जरपुर निवासी 8-10 युवक वहां पहुंचे और हमला बोल दिया। हमले में तारीफ का बेटा अफजल गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा है। वायरल वीडियो में एक युवक के हाथ में लाइसेंसी बंदूक भी दिखाई दे रही है। पुलिससेन बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाएगी।