फाइनेंस कर्मचारी से दो लाख लूटे
शामली। आदर्श मंडी थानाक्षेत्र में कस्बा बनत नदी पुल के निकट बाइक सवार तीन बदमाशों ने फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से हथियारों के बल पर करीब दो लाख रुपये नकदी लूट लिए। पीड़ित ने पुलिस को लूट की सूचना दी। पुलिस घटना की छानबीन में जुटी हुई है।
मेरठ के गांव जानी निवासी प्रदीप कुमार शामली की एक निजी फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी है। प्रदीप के मुताबिक वह जनपद मुजफ्फरनगर के बघरा क्षेत्र में कलेक्शन के लिए गया था। बृहस्पतिवार शाम को वह तितावी क्षेत्र से बाइक से शाम को शामली लौट रहा था। जब वह आदर्श मंडी थानाक्षेत्र में कस्बा बनत के निकट नदी पुल पर पहुंचा, तो पीछे से बाइक पर आए तीन बदमाशों ने तमंचों के बल उसे रोक लिया और उसे जान से मारने की धमकी देकर नकदी से भरा थैला लूट लिया। पीड़ित के मुताबिक सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मुजफ्फरनगर की तरफ फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कर्मवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी कर बदमाशों की तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका। पुलिस पीड़ित को साथ लेकर उन स्थानों पर जाकर जांच कर रही है, जहां से उसने कलेक्शन किया था। पीड़ित का कहना है कि उसका मोबाइल बैग में था, जिसे बदमाश नहीं ले जा पाए। थानाध्यक्ष का कहना है कि प्रथम दृष्टया घटना संदिग्ध लग रही है, जिसकी जांच की जा रही है। अभी पीड़ित ने थाने पर तहरीर नहीं दी है।