सरेबाजार छात्राओं के दो गुटों में चले हॉकी-डंडे
शामली। कोचिंग सेंटर में सीट के विवाद में छात्राओं के दो गुटों में जमकर हॉकी व डंडे चले। भरे बाजार में हुए इस संघर्ष से अफरातफरी मच गई। सूचना पर कोतवाली और महिला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छह छात्राओं को हिरासत में लेकर थाने ले आई। यहां दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। पुलिस ने भविष्य में इस तरह की घटना न करने की हिदायत देकर छात्राओं को उनके परिजनों के साथ भेज दिया।
शहर कोतवाली के निकट मंडी मार्शगंज कोचिंग सेंटर है। शनिवार की दोपहर को एक गांव निवासी छात्रा अपनी दो सहपाठियों के साथ कोचिंग सेंटर पहुंची तो वहां पहले से खड़ी कुछ अन्य छात्राओं ने उस पर हॉकी व डंडों से हमला कर दिया। सहपाठी छात्राओं ने उसे छुड़ाने का प्रयास किया तो उन पर भी हमला कर दिया गया। इसके बाद दोनों गुट की छात्राओं के बीच जमकर संघर्ष हुआ। छात्राओं का झगड़ा देख आसपास लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर कोतवाली और महिला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। विवाद थमता न देख दोनों गुटों की छह छात्राओं को हिरासत में ले लिया और महिला थाने ले गई। छात्राओं से पूछताछ में पता चला कि दो दिन पहले कोचिंग सेंटर में सीट पर बैठने को लेकर दो छात्रों के बीच विवाद हो गया था। यही वजह झगड़े का कारण बनी। इसके बाद महिला थाना पुलिस ने छात्राओं के परिजनों को सूचना देकर बुलवाया। छात्राओं के परिजन थाने पहुंचे। महिला थाने में करीब तीन घंटे तक दोनों पक्षों के बीच चली जद्दोजहद के बाद मामले में समझौता हो गया। महिला थाना प्रभारी नीरज चौधरी ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया है। छात्राओं को दोबारा इस तरह की हरकत न करने की हिदायत देकर उनके परिजनों के साथ भेज दिया गया है।
वीडियो बना रहे युवकों को भी दी नसीहत
शामली। छात्राओं के बीच मारपीट और मौके पर पहुंची पुलिस की कार्रवाई को कुछ युवकों ने मोबाइल में कैद कर लिया। इस पर छात्राओं ने पुलिस की मौजूदगी में ही युवकों को धमकाते हुए वीडियो न बनाने को कहा। छात्राओं ने एक युवक का मोबाइल भी छीन लिया, जिसे बाद में पुलिस ने वापस कराया।
पुलिस पर किया रौब गालिब
पुलिस ने छात्राओं से उनके नाम पते की जानकारी करनी चाही तो वे रौब से बात करने लगीं। पहले तो उन्होंने अपने नाम पते बताने से इंकार कर दिया। सख्ती से पूछताछ की तो छात्राओं ने अपने गांव के नाम बताए, लेकिन पिता के नाम नहीं बताए। पुलिस ने ग्राम प्रधान से संपर्क कर उनके परिजनों को सूचना भिजवाई।
कोचिंग संचालक को भी दी हिदायत
महिला थाना प्रभारी नीरज चौधरी ने कोचिंग संचालक को भी हिदायत दी है कि वह ऐसे छात्र-छात्राओं को कोचिंग सेंटर पर प्रवेश न दें जो इस तरह के विवाद कर माहौल को बिगाड़ने की कोशिश करते है। छात्र-छात्राओं को अनुशासन में रखे और जो गड़बड़ी करें उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करें। साथ ही छात्राओं के परिजनों को भी नसीहत दी कि वे उन्हें पढ़ाई के साथ संस्कार भी सिखाएं।