शामली कलेक्ट्रेट सभागार में कावड के सम्बध मे आयोजित बैठक में भाग लेते अधिकारी
- फोटो : SHAMLI
कांवड़ ड्यूटी में लापरवाही मिलने पर कड़ी कार्रवाई होगी
शामली। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कहा कि सभी अधिकारी कांवड़ यात्रा को सफल बनाने के लिए अपने दायित्वों का निर्वहन करें। जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमण करते रहे। उन्होंने कांवड़ यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व जर्जर लाइन, मार्ग, साफ-सफाई और अन्य कार्यों का निरीक्षण कर कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कांवड़ यात्रा के दौरान सभी अधिकारियों के अवकाश पर पूर्ण रूप से रोक लगाने के साथ ड्यूटी में लापरवाही करने वाले अधिकारियों को कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में कांवड़ यात्रा के संबंध में आयोजित सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट की समीक्षा बैठक में डीएम अखिलेश सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा के लिए प्रशासन अपनी तैयारियां पूरी करें, ताकि कांवड़ के दौरान किसी को परेशानी का सामना न करना पड़े। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमण कर समय रहते अधूरे कार्य पूरे कराएं। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के मार्गों के साथ-साथ जनपद की सभी सड़कों को 10 जुलाई तक हर हाल में गड्ढामुक्त किया जाए। सड़क के गड्ढों के कारण अगर किसी शिवभक्त के साथ कोई दुर्घटना होने के बाद मौत हो जाती हैं या अन्य घटना घटित होती हैं तो लोक निर्माण विभागाध्यक्ष का जिम्मेदार मानते हुए गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। डीएम ने कांवड़ यात्रा के मार्गों पर खुले ट्रांसफार्मरों की बेरिकेडिंग करने, होटलों, ढाबों पर रेट लिस्ट चस्पा कराने के साथ खाद्य सामग्री की जांच करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग अधिकारियों को एंबुलेंस में दवाइयों की उचित व्यवस्था रखने, जिला चिकित्सालय, सीएचसी और पीएचसी पर सांप काटे की दवा समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी कर्मचारी या अधिकारी का अवकाश मान्य नहीं होगा। अगर किसी को अत्यधिक अवकाश की जरूरत होगी तो वह उनसे सीधे संपर्क करेंगे। कोई भी विभागाध्यक्ष अवकाश नहीं देगा। कांवड़ मार्गों पर सीसीटीवी कैमरों से लैस करने, यमुना नदी और पूर्वी यमुना नहर पर गोताखोरों को तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि कांवड़ मार्ग पर कोई भी जर्जर तार नहीं रहना चाहिए। अगर जर्जर लाइन के चलते कोई हादसा हुआ तो विभाग के अधिकारियों पर एफआईआर दर्ज होगी। उन्होंने बताया कि कांवड़ के दौरान यमुना और पूर्वी यमुना नहर पर 22 गोताखोरों की हर समय तैनाती रहेगी। बैठक में एसपी अजय कुमार, एडीएम आनंद कुमार शुक्ला, एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव, एसडीएम सदर सुरजीत सिंह, एसडीएम कैराना अमित पाल शर्मा, एसडीएम ऊन सुरेंद्र सिंह, पीडी ज्ञानेश्वर तिवारी, उप कृषि निदेशक शिवकुमार केसरी, सीएमओ डाक्टर संजय भटनागर आदि अधिकारी मौजूद रहे।