शामली सीएचसी में युवक के शव को देखते पुलिस कर्मी और क्षतिग्रस्त स्कूल बस।
- फोटो : अमर उजाला
शामली के कैराना रोड पर कंडेला इंडस्ट्री एरिया के पास स्कूल बस की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है।
बुधवार को पूर्वाह्न करीब 11 बजे शामली के मोहल्ला रेलपार निवासी राहुल (24) अपने साथी नीरज (23) निवासी मोहल्ला माजरा शामली के साथ बाइक से कंडेला गांव में मित्र से मिलने गए थे।
वहां से लौटते समय जब वह कंडेला इंडस्ट्री एरिया के पास पहुंचे, तो शामली से कैराना की तरफ जा रही स्कूल बस ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर कैराना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।
घायलों को शामली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां डाक्टरों ने नीरज को मृत घोषित कर दिया, जबकि राहुल को प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ रेफर कर दिया गया। राहुल ने भी मेरठ ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
कैराना थाना पुलिस ने दोनों युवकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिए। घटना के बाद आरोपी चालक बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गया था। बस को पुलिस थाने ले गई। बस कैराना रोड मन्ना माजरा स्थित इंजीनियरिंग एंड मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट की बताई जा रही है। उधर, कैराना कोतवाली एमएस गिल ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।