झिंझाना। कैराना रोड पर बुधवार की देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश आफताब गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका दूसरा साथी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से अवैध असलहे बरामद किए हैं।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कस्बे के मोहल्ला शाहमुबारिक में फायरिंग कर दहशत फैलाने में वांछित हिस्ट्रीशीटर आफताब उर्फ ताबू निवासी कैराना अपने साथी के साथ किसी वारदात की फिराक में घूम रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर बदमाशों को आत्मसमर्पण करने के लिए ललकारा। इस पर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
विज्ञापन
जवाबी कार्रवाई में आफताब गोली लगने से घायल हो गया। वहीं, भागने का प्रयास कर रहे उसके साथी फैसल को भी पुलिस ने दबोच लिया। तलाशी के दौरान दोनों के पास से दो अवैध तमंचे और कारतूस बरामद हुए। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
सीओ अमरदीप मौर्य ने बताया कि घटना की जानकारी पर अपर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे और पूरी स्थिति का जायजा लिया। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ पशु क्रूरता, गोवध तथा आयुध अधिनियम सहित 19 मुकदमे अलग अलग धाराओं में दर्ज हैं, वहीं उसके साथी के खिलाफ भी तीन मुकदमे दर्ज हैं।