थानाभवन। शनिवार रात उस्मानपुर गांव में ट्रेन की चपेट में आने से दो गायों की मौत हो गई। सूचना पर सुबह आनन-फानन में ग्राम पंचायत ने दोनों गोवंश को गड्ढा खुदवा कर दबवा दिया गया। मामला प्रकाश में आने के बाद खंड विकास अधिकारी ने मामले की जांच बैठा दी है।
गांव उस्मानपुर के समीप से जा रही रेलवे लाइन पर शनिवार रात दो गाय ट्रेन की चपेट में आ गईं। जिससे दोनों गायों की मौत हो गई। इस हादसे से ट्रेन के नियंत्रण में कोई बाधा उत्पन्न नहीं हुई, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता है। सुबह जब लोग अपने खेतों की ओर गए तो रेलवे लाइन के समीप गाय कटी देखकर घटना की जानकारी गांव के लोगों को दी। जिसके बाद ग्राम पंचायत सचिव ने लोगों के साथ मिलकर दोनों गायों को गड्ढ़ा खोदकर दबा दिया। इसके बाद कुछ लोगों ने इसकी सूचना खंड विकास कार्यालय पर दी। जिसके बाद खंड विकास अधिकारी डाक्टर पंकज कुमार ने मामले की सही स्थिति पता करने के लिए जांच बैठा दी है। खंड विकास अधिकारी डॉक्टर पंकज कुमार ने बताया कि शनिवार रात दो गाय की ट्रेन से कटने की जानकारी मिली है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह गाय लावारिस थीं, या फिर उनका कोई मालिक है। इसकी जांच कराई जा रही है। गाय के मालिक सामने आते हैं तो उनके खिलाफ कानून कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। लावारिस गाय होने का मामला पाया गया तो ग्राम पंचायत से जवाब तलब किया जाएगा।