मसूरा प्रकरण में महिला सहित दो आरोपी गिरफ्तार
शामली। झिंझाना थानाक्षेत्र के गांव मसूरा में छह दिन पहले दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान सिपाही समेत दो लोगों को बंधक बनाकर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने महिला समेत दो आरोपियों को और गिरफ्तार किया है।
तीन अक्तूबर को कैराना थाने में तैनात सिपाही अक्षय और गौरव निजी कार से मुखबिर के साथ गांव मसूरा में किसी वांछित की तलाश में गए थे। उसी समय वहां पर हारुण के घर पर दूसरे पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया था। लोगों ने कार सवार सिपाहियों को घेर लिया था। इस दौरान एक सिपाही व मुखबिर को बंधक बनाकर मारपीट की गई थी। हारुण की तरफ से घर पर हमला करने के आरोप में सद्दाम समेत तीन नामजद व कुछ अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जबकि सिपाही अक्षय की तरफ से गांव के बिलाल को नामजद करते हुए आठ-दस अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
इस मामले में पुलिस से मारपीट करने के आरोपी गांव मसूरा निवासी बिलाल और अकबर को गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही थी। बृहस्पतिवार को वांछित चल रही अकबर की पत्नी रुखसाना उर्फ इरफाना उर्फ फानो को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा पुलिस ने हारुण के घर हमला करने के आरोपी सद्दाम निवासी गांव तितरवाड़ा थाना कैराना को गाड़ी वाला चौराहा के निकट से गिरफ्तार कर चालान कर दिया।