कांधला पलिस द्वारा फायरिंग करने के आरोप में पकड़े गए आरोपी। काले रंग के कपड़े में हेडकांस्टेबल।
कांधला (शामली)। गांव इस्सोपुरटील में दो दिन पहले महिला के घर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने उप्र पुलिस के हेड कांस्टेबल सुरेंद्र समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से तमंचा व कारतूस बरामद किया। हेड कांस्टेबल वर्तमान में जिला बिजनौर के नजीबाबाद थाने पर तैनात है। इस मामले में पुलिस एक आरोपी को पहले मुठभेड़ में गिरफ्तार कर चुकी है जबकि एक अन्य आरोपी अभी पकड़ में नहीं आया है।
इस्सोपुरटील निवासी मोनिका उर्फ मोनी ने दो दिन पहले घर पर गांव के चार लोगों पर फायरिंग कर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया था। फायरिंग से महिला व उसके परिवार में दहशत बनी हुई थी। महिला की तरफ से गांव के सुरेंद्र, उसके भाई मनेंद्र, जोगेंद्र व गांव तितरवाड़ा निवासी सोनू के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़िता ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ सहित उच्चाधिकारियों से जानमाल की सुरक्षा गुहार लगाई थी और न्याय न मिलने पर आत्मदाह की चेतावनी दी थी।
इस मामले में पुलिस ने बुधवार देर रात मुख्य आरोपी मनेंद्र को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया था। इस मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार देर शाम जिड़ाना रजबहे की पटरी पर चेकिंग के दौरान दो आरोपी सुरेंद्र व सोनू को गिरफ्तार कर लिया। सुरेंद्र उप्र पुलिस में हेड कांस्टेबल है। उसने पुलिस को तीन दिन की छुट्टी पर घर आना बताया। इस मामले में एक अन्य आरोपी अभी पकड़ में नहीं आया है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।