शामली बुढ़ाना रोड पर ट्रक पलटने के बाद लगा का जाम।
- फोटो : SHAMLI
शामली। मेरठ-करनाल हाईवे पर शहर में बुढ़ाना फाटक के निकट सेब से लदा ट्रक असंतुलित होकर डिवाइडर पर पलट गया, जिससे हाईवे पर जाम लग गया। यातायात पुलिस को जाम खुलवाने के लिए कई घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी।
शुक्रवार सुबह करीब छह बजे सेब से लदा ट्रक मेरठ-करनाल हाईवे पर बुढ़ाना फाटक के निकट असंतुलित होकर डिवाइडर पर पलट गया। जम्मू निवासी चालक यशपाल ने बताया कि वह सेब लेकर जम्मू से कोलकाता जा रहा था। शामली में पहुंचने पर अगला टायर फटने से ट्रक अचानक असंतुलित होकर पलट गया। चालक और सहचालक ने कूदकर अपनी जान बचाई
ट्रक को हटाने के लिए क्रेन मंगाई गई, लेकिन माल लदा होने से ट्रक नहीं हट सका। इसके बाद ट्रक से सेब उतारने का काम शुरू हुआ। ट्रक पलटने से हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की लाइनें लगने से शहर में जाम के हालात बन गए। मेरठ-करनाल हाईवे पर जाम के कारण पानीपत रोड, रेलपार बाईपास और मुजफ्फरनगर मार्ग तक जाम लगा रहा।
यातायात पुलिसकर्मियों ने पहुंचकर एक लेन से वाहनों को निकालने की व्यवस्था बनाई। एक तरफ के वाहन रोककर दूसरी तरफ के वाहन निकाले गए। झिंझाना के गाड़ी वाला और कैराना में कांधला तिराहे से रूट डायवर्ट किया गया। इसके बाद भी शहर में दिनभर जाम के हालात बने रहे। शाम करीब साढ़े चार बजे खाली होने के बाद क्रेन से ट्रक को हाईवे से हटवाया गया।
कोट
मेरठ-करनाल हाईवे पर फाटक के निकट सेब से लदा ट्रक पलटने से जाम की स्थिति बन गई थी। मौके पर चार यातायात पुलिसकर्मी लगाकर एक लेन से वाहनों को निकाला गया। झिंझाना के गाड़ी वाला और कैराना में कांधला तिराहे पर रूट डायवर्ट कर यातायात व्यवस्था बनाई गई। दोपहर बाद शहर में स्थिति सामान्य हो गई थी। - भंवर सिंह, यातायात प्रभारी।
शामली-बुढ़ाना रोड पर पलटा पड़ा सेब से भरा ट्रक।- फोटो : SHAMLI