होली पर यूपी रोडवेज की बढ़ेंगी ट्रिप
शामली। यूपी रोडवेज की दस दिवसीय होली प्रोत्साहन योजना में निगम की बसें लगातार दौड़ेंगी। इस दौरान रोडवेज बसों के चक्कर बढ़ेंगे। दस दिन में 300 किमी से अधिक चलने वाली यूपी रोडवेज के चालक, परिचालकों को चार हजार रुपये मिलेंगे। 25 मार्च से शुुरू होकर तीन अप्रैल तक लागू रहने वाली होली प्रोत्साहन योजना में दस दिनों के लिए निगम के चालकों परिचालकों एवं डिपो कर्मचारियों के अवकाश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
आगामी 28 मार्च को होली और 29 मार्च को दुल्हेंडी पर ट्रेनों और रोडवेज की बसों में सवारियों का आवागमन बढ़ जाता है। होली और दुल्हेंडी पर सवारियों की अधिकता के मद्देनजर सोमवार को यूपी रोडवेज के प्रबंध निदेशक धीरज शाहू ने दस दिवसीय होली प्रोत्साहन योजना का आदेश जारी कर दिया है। रोडवेज के चालक परिचालकों और डिपो कर्मचारियों की दस दिवसीय होली प्रोत्साहन योजना 25 मार्च से शुरू होकर तीन अप्रैल तक लागू रहेगी। एकमुश्त प्रोत्साहन के अलावा प्रतिदिन 300 किमी से अधिक चलने वाले चालक परिचालकों को 55 पैसे प्रति किमी अतिरिक्त दिए जाएंगे।
शामली रोडवेज बस अड्डे के वरिष्ठ केंद्र प्रभारी राजेंद्र चौहान व एआरएम मनोज वाजपेयी ने बताया कि यूपी रोडवेज के एमडीएम धीरज शाहू द्वारा जारी किया गया होली प्रोत्साहन योजना का आदेश प्राप्त हो गया है। योजना के दौरान सभी निगम की बसो की ट्रिप बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।