शामली। पुलिस लाइन में बनाए गए रिक्रूट ट्रेनिंग सेंटर (आरटीसी) शामली में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षुओं ने कर्मयोगी पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन प्रशिक्षण प्राप्त किया।
एसपी एनपी सिंह ने बताया कि जनपद में 33 प्रशिक्षुओं ने भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मिशन कर्मयोगी के अन्तर्गत विकसित कर्मयोगी पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन प्रशिक्षण प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि यह एक डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म है, जिसके माध्यम से सरकारी सेवाओं में कार्यरत अधिकारी व कर्मचारी अपनी क्षमता संवर्द्धन के लिए विभिन्न विषयों पर ऑनलाइन प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं। प्रशिक्षुओं को कर्मयोगी पोर्टल पर उपलब्ध कंपेटेंसी फ्रेमवर्क के अंतर्गत व्यवहारिक, कार्यात्मक और विषयगत पाठ्यक्रमों से अवगत कराया गया। साथ ही उन्हें अपने कार्य-क्षेत्र में अधिक दक्ष, संवेदनशील एवं जवाबदेह बनने के लिए प्रोत्साहित किया गया। एसपी ने प्रशिक्षुओं को बताया कि कर्मयोगी पोर्टल का मुख्य उद्देश्य निरंतर सीखने की संस्कृति को बढ़ावा देना, सरकारी सेवाओं में दक्षता, कार्यकुशलता विकसित करना है। उन्होंने बताया कि सभी प्रशिक्षुओं को रोस्टर के अनुसार कर्मयोगी पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन प्रशिक्षण कराया जाएगा। संवाद