शामली। विधानसभा चुनाव की मतगणना की तैयारियों के मद्देनजर सीडीओ और एडीएम की अध्यक्षता में मतगणना कर्मचारियों और एजेंटों को प्रशिक्षण दिया गया।
मतगणना कर्मचारियों को विधानसभा क्षेत्रों के हिसाब से ड्यूटी दी गई। एडीएम ने कहा कि मतगणना के दौरान किसी भी पार्टी के सांसद, विधायक या अन्य जनप्रतिनिधि एजेंट के रूप में उपस्थित नहीं होंगे। शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में सुबह दस बजे से एक बजे तक एडीएम भरत पांडे की अध्यक्षता में मतगणना एजेंटों को प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी मोबाइल, बीड़ी, सिगरेट, तंबाकू आदि लेकर न आएं। गणना के समय शांति एवं धैर्य बनाए रखें।
अगर कोई भी एजेंट शांति व्यवस्था में गड़बड़ी करेगा तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि गणना एजेंटों के लिए खाद्यान सामग्री पैकेट में मतगणना स्थल पर पहुंचाए जाए। बैठक में सहायक निर्वाचन अधिकारी वेदपाल सिह, सुधीर कुमार, अभय तोमर, आदि उपस्थित रहे।
सभागार में दोपहर दो से तीन बजे, तीन से लेकर चार बजे और चार से पांच बजे तक मतगणना सुपरवाइजर, मतगणना सहायक, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों,
माइक्रो आर्ब्जवर को सीडीओ यशु रूस्तगी की अध्यक्षता में प्रशिक्षण दिया गया। डीडीओ बलराम कुमार ने बताया कि मतगणना कर्मियों की विधानसभा वार ड्यूटी लगाकर जानकारी दी गई।
उन्होंने बताया कि ईवीएम का जैसे ही परिणाम आए, उसे आरओ की टेबल पर पहुंचाएं। ईवीएम का क्लीयर बटन न दबाए। क्लीयर बटन दबाने पर चुनाव परिणाम डिलीट हो जाएगा। कंट्रोल यूनिट की मतगणना से पूर्व सील चैक करे।