ट्रेन से गिरकर युवक गंभीर रूप से घायल
कांधला। गांव भारसी रेलवे हाल्ट के निकट दिल्ली से सहारनपुर जाने वाली ट्रेन से गिरकर एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यात्रियों ने ट्रेन की चेन खींचकर ट्रेन को रोका।
ट्रेन में कुछ लोग खिड़की पर खडे़ होकर जोखिम भरा सफर करने की आदत बना चुके है जिसके कारण कई बार बड़े हादसे हो चुके हैं लेकिन उसके बाद भी लोग इस हरकत से बाज नहीं आ रहे है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रविवार को दिल्ली से सहारनपुर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन जब गांव भारसी रेलवे हाल्ट के समीप पहुंची तो खिड़की के किनारे बैठा एक युवक ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। यात्रियों के द्वारा ट्रेन की चेन खींचकर ट्रेन को रोका गया। ट्रेन में सवार आरपीएफ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को कस्बे के राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया। घायल युवक ने अपना नाम नवीन पुत्र सुंदरपाल निवासी शाहदरा दिल्ली बताया है। चिकित्सकों ने घायल युवक की हालत गंभीर देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया है।