शामली। व्यापारियों ने वाणिज्यकर कार्यालय पर हंगामा किया। व्यापारियों का आरोप है कि रिफंड के नाम पर सुविधा शुल्क मांगा जा रहा है।
कंडेला औद्योगिक क्षेत्र में फैक्ट्री संचालक आशीष जैन और आलोक जैन ने बताया कि 2015-16 का वैट भुगतान पर उन्हें करीब 28 लाख रुपये रिफंड मिलना है।
इसके लिए कई महीना पूर्व आवेदन किया गया था। रिफंड न मिलने का मुद्दा पूर्व में उद्योग बंधु की बैठक में भी उठाया गया था, लेकिन वाणिज्यकर विभाग के अधिकारी ने रिफंड नहीं किया।
आरोप है कि विभाग के एक अधिकारी ने उनसे रिफंड दिलाने के नाम पर एक लाख रुपये रिश्वत ले ली, इसके बाद उनसे कहा गया कि रिफंड की धनराशि पर दो प्रतिशत लूंगा, तब रिफंड दिलाया जाएगा।
इसको लेकर बृहस्पतिवार को आईआईए शामली चैप्टर चेयरमैन वेदप्रकाश आर्य, संरक्षक जेके जैन, अशोक बंसल, मोहित जैन, आशीष जैन, आलोक जैन, अंकित गोयल, अजय संगल, अरुण बंसल, भारत मित्तल, अभिनव जैन, प्रवीण, कमल, निखिल, सुधाकर आदि सहित दर्जनों व्यापारी करनाल रोड स्थित वाणिज्यकर कार्यालय पहुंच गए।
वहां अधिकारियों का घेराव कर जमकर हंगामा किया। अधिकारियों के साथ उद्यमियों की तीखी नोकझोंक भी हुई। करीब एक घंटे तक हंगामा चलता रहा। उद्यमियों और व्यापारियों की अन्य अधिकारियों के साथ वार्ता हुई, जिसके बाद समझाने बुझाने पर हंगामा शांत हुआ।