शामली। पउप्र संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के सुभाष चौक स्थित प्रांतीय मुख्यालय पर नववर्ष की प्रथम बैठक हुई। जिसमें व्यापारियों ने कपड़े पर 1 जनवरी से जीएसटी 5 फीसदी से बढ़ाकर 12 फीसदी करने के प्रस्ताव को रद्द करने पर खुशी जाहिर की।
संगठन के प्रदेशाध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग का आभार व्यक्त किया। बैठक में प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि हमारा संगठन जीएसटी परिषद के कपड़े पर बढ़ी जीएसटी की दरों को वापस लेने का स्वागत करता है। वित मंत्री निर्मला सीतारमण और वाणिज्य उद्योग मंत्री पीयूष गोयल का आभार व्यक्त करता है। उन्होंने कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीसी भरतिया और राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल का भी आभार व्यक्त किया। कहा कि यह व्यापारियों की एकता के बल पर हुआ है। यदि प्रदेश और देश का व्यापारी एकजुट रहेगा तो कोई भी ताकत व्यापारियों के ऊपर अनावश्यक टैक्स प्रणाली नहीं थोप सकेगी। कहा कि बाकी आवश्यक वस्तुएं जूता व स्टेशनरी आदि आवश्यक वस्तुओं पर बढ़ी जीएसटी की दरों को वापस कराने के लिए संगठन निरंतर संघर्ष जारी रखेगा। इसके लिए आगामी 16 जनवरी को मुरादाबाद में होने वाले प्रांतीय व्यापारी सम्मेलन में आगे की रणनीति तय की जाएगी। प्रांतीय सम्मेलन में व्यापारियों की सभी ज्वलंत समस्याओं के समाधान के लिए मंथन किया जाएगा। बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री सुभाष चंद धीमान, नगर अध्यक्ष नरेंद्र अग्रवाल, जिलाध्यक्ष सूर्यवीर सिंह, नगर महामंत्री रवि संगल, आशु पुरी, राजेश जैन, शिवांक गर्ग, पवन गोयल, राजीव गर्ग आदि उपस्थित रहे।