शामली में धीमानपुरा रेलवे फाटक पर एक महिला ने अपनी छह माह की बच्ची के साथ ट्रेन के सामने लेटकर आत्महत्या का प्रयास किया। बृहस्पतिवार को क्षेत्र के गांव गोहरनी निवासी एक महिला अपनी छह माह की बच्ची के साथ शामली पहुंची। दोपहर करीब बाहर बजे वह सहारनपुर जा रही लाल ट्रेन के सामने धीमानपुरा फाटक पर लेट गई।
महिला को बच्ची के साथ ट्रैक पर लेटे देखकर मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। वहां मौजूद लोगों ने ट्रेन के आने से चंद पलो पहले ही महिला को ट्रैक से हटा दिया, लेकिन महिला आत्महत्या पर अड़ गई। जिस पर वहां मौजूद ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने स्थानीय कोतवाली पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस महिला को थाने में ले आई। महिला ने बताया कि उसका पति शराब पीता है और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट करता है। जिस पर कोतवाली पुलिस ने उसके पति को कोतवाली में बुलवा लिया और बाद में उसको डांट फटकार लगाई। जिस पर माफी मांगने पर पुलिस ने दोनों को गांव भिजवा दिया।