बाबरी। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर स्थित बनतीखेड़ा इंटरचेंज टोल प्लाजा का बृहस्पतिवार सुबह करीब आठ बजे विधिवत पूजा-अर्चना के साथ संचालन शुरू कर दिया गया। टोल शुरू होते ही यहां से गुजरने वाले वाहनों से निर्धारित दरों के अनुसार शुल्क वसूला जाने लगा है।
टोल प्लाजा पर सुबह अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी में पूजा-अर्चना हुई। टोल मैनेजर अतुल दत्ता ने बताया कि कार, जीप, वैन एवं हल्के मोटर वाहनों के लिए एक तरफ का शुल्क 20 रुपये तथा वापसी यात्रा के लिए 30 रुपये निर्धारित किया गया है। हल्के वाणिज्यिक वाहन, मालवाहक या मिनी बस के लिए एक तरफ 35 रुपये और वापसी पर 50 रुपये शुल्क तय किया गया है।
बस या दो धुरी वाले ट्रक के लिए एक तरफ 70 रुपये और वापसी पर 110 रुपये, जबकि तीन धुरी वाले वाणिज्यिक वाहनों के लिए एक तरफ 80 रुपये और वापसी पर 120 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। भारी निर्माण मशीनरी, अर्थ मूविंग और चार से छह धुरी वाले वाहनों के लिए 115 रुपये तथा वापसी पर 170 रुपये शुल्क देना होगा।
वहीं सात धुरी या उससे अधिक भारी वाहनों के लिए एक तरफ 140 रुपये और वापसी पर 205 रुपये शुल्क रखा गया है।