झिंझाना। कस्बा के पंजाब नेशनल बैंक शाखा के बाहर शुक्रवार को भी ग्राहकों की काफी भीड़ जुटी रही। बैंक प्रबंधक ने कैश के अनुसार 250 लोगों को टोकन देकर भुगतान कराया।
वहीं, पेंशन धारक अध्यापकों को कैश नहीं मिलने पर हंगामा हो गया। सेवानिवृत्त अध्यापकों ने थाना प्रभारी से शिकायत की। पंजाब नेशनल बैंक शाखा में शुक्रवार को 20 लाख रुपया कैश पहुंचा। शाखा प्रबंधक ने बताया कि 250 लोगों को टोकन दिया गया है। उसके बाद बचे कैश को एटीएम में डाल दिया गया।
प्रबंधक सुनील कुमार ने बताया कि लोगों कि समस्याओं को ध्यान में रखते हुए टोकन व्यवस्था लागू की गई। कुछ लोग दबाव बनाकर बैंक से रुपया लेना चाहते हैं।
नहीं देने पर उल्टी सीधी शिकायत मुख्य शाखा में कर रहे हैं। जितना कैश ऊपर से मिल रहा है, उसी के हिसाब से वितरण भी किया जा रहा है। इसके अलावा बैंक पर पहुंचे सेवानिवृत्त अध्यापकों ने जब कैश लेना चाहा तो प्रबंधक ने उन्हें सिर्फ टोकन दे दिया और कहा कि एक दिन बाद आकर कैश ले लेना। इसको लेकर उन्होंने हंगामा भी कर दिया। सेवानिवृत्त अध्यापकों ने थाना प्रभारी अवनीश गौतम से मिलकर कैश दिलाने की बात कही। थाना प्रभारी ने अध्यापकों से दो दिन संयम बरतने को कहा। इसके बाद सभी लोग लौट गए।