शामली। अमर उजाला के हेलो डाॅक्टर कार्यक्रम में शनिवार को पाठकों और नागरिकों को उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का घर बैठे ही फोन पर समाधान कराया गया। इस कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शामली के चिकित्सा अधिकारी डॉ. चेतन सैनी शामली कार्यालय में दोपहर 12 बजे से एक बजे तक मौजूद रहे। उन्होंने नागरिकों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को सुनकर परामर्श दिया। उन्होंने बताया कि समय पर जांच, संतुलित आहार और सावधानी बरतने से बीमारियों से बचाव संभव है।
सवाल : मेरी पत्नी की उम्र 35 वर्ष है। उसके हाथ व पैरों की अंगुलियों में दर्द रहता है। (जयनारायण, भभीसा)
जवाब। यह गठिया बाय हो सकती है या फिर यूरिक एसिड बढ़ सकता है। इसके लिए जांच करानी होगी। प्रोटीन वाली चीजें दालें आदि कम ले और कैल्शियम बढ़ाने वाली चीजें छाछ, दही व दूध ज्यादा ले। उन्हें सीएचसी शामली में कक्ष नंबर सात में आकर एक बार दिखाएं।
सवाल : मेरे पिता की उम्र 65 वर्ष है। उन्हें पहले टीबी थी, अब सांस फूलती है और थकान रहती है। (सोनू चौधरी, पटनी परतापुर)
जवाब : उनकी दवा नियमित चलेगी। उन्हें धूल, मिट्टी और धुएं से बचाव करना होगा। धूम्रपान बिल्कुल बंद करें और नजदीकी सीएचसी पर एक्स-रे कराएं।
सवाल : दो दिन से गले में खराश और खांसी है। (अनित कुमार, ऊन)
जवाब : गुनगुने पानी में इलायची डालकर पीने से राहत मिलेगी। फिर भी कोई समस्या हो तो अस्पताल में दिखाकर दवा ले।
सवाल : मेरी पत्नी की उम्र उम्र 52 वर्ष है। दबाव बनने पर उसका शरीर बाहर आने की समस्या होती है। (हसनपुर निवासी ग्रामीण)
जवाब: यूट्रस और रेक्टम दूसरे ग्रेड पर हैं। सरकारी अस्पताल में जांच कराएं, ऑपरेशन से ठीक हो जाएगा। इसके लिए जिला अस्पताल में सर्जन से मिले।
सवाल : मुझे बवासीर की शिकायत है, इसके लिए क्या करें। (थानाभवन क्षेत्र निवासी व्यक्ति)
जवाब : हल्का और फाइबर युक्त भोजन जैसे दाल, राजमा, सलाद आदि का सेवन ज्यादा करें। मसालेदार व गर्म चीजों से परहेज करें और जिला अस्पताल में सर्जन को दिखाएं।
सवाल : मेरी उम्र 18 वर्ष है। मुझे 10 दिन से भूख कम लग रही है (अबूजर, जिजौला)
जवाब : यह लिवर की समस्या हो सकती है। भोजन में चिकनाई कम करें, रिफाइंड से बचें। बाहर का खाना न खाए। हल्का खाना खाएं। इलायची, काली मिर्च और दही का सेवन ज्यादा ले।
सवाल : मेरी उम्र 47 वर्ष है। पांच दिन से कमर में तेज दर्द है। (अमित कुमार, काका नगर)
जवाब : कमर में नस दबने या खिंचाव की समस्या हो सकती है। कमर को सपोर्ट देने के लिए तकिया लगाकर बैठें, भारी सामान उठाने से बचें।
सवाल : मेरी पत्नी के पेट में नीचे की तरफ दर्द रहता है। (विक्की, ढिंढाली)
जवाब : इसके लिए अल्ट्रासाउंड जांच करानी होगी। इसके लिए सीएचसी में आकर स्त्री रोग विशेषज्ञ की सलाह ले।
सवाल : मेरी उम्र 42 वर्ष है। मेरे सिर में दर्द रहता है और चक्कर आते हैं। (अनुज गोयल, शामली)
जवाब : ईएनटी व नेत्र रोग विशेषज्ञ को दिखाएं। मोबाइल फोन व टीवी पर स्क्रीन टाइम कम करें। विटामिन ए के कैप्सूल लेने से राहत मिलेगी।
सवाल : तीन साल से बुखार रहता है, टाइफाइड की शिकायत है। शरीर में थकान रहती है। देसी व अंग्रेजी दवा लेने से भी ठीक नहीं हुआ। (साजिद, चौसाना)
जवा ब: सरकारी अस्पताल में जांच करानी होगी, जिससे पता चलेगा कि वास्तव में टाइफाइड है या कोई अन्य समस्या है। साफ-सफाई का ध्यान रखें। साफ ताजा पानी पिये। हरी पत्तेदार सब्जी का सेवन ज्यादा करें।
सवाल : एक माह से शुगर की समस्या है। (अरुण, शामली)
जवाब : शुगर नियंत्रित रखने के लिए नियमित दवा शुरू करें, चिकनाई, आलू, मीठी चीजे चीनी, शर्करा आदि से परहेज करें। शुगर की तीन माह वाली जांच कराएं। चना व बाजरे की रोटी का सेवन करें।
सवाल : मेरी उम्र 35 वर्ष है, दो-तीन दिन से मेरी छाती में दर्द रहता है। (शिवकुमार, शामली)
जवाब : यह गैस तेजाब की समस्या हो सकती है। अस्पताल में आकर दिखाएं।
सवाल : मुझे बुखार रहता है। कुछ समय पहले एक्सरे कराया था, जिसमें फेफड़ों में पानी भरा होना बताया था।(तेजवीर, शामली)
जवाब : यह टीबी हो सकती है। संक्रमण का पता लगाने के लिए फेफड़े में भरे पानी की जांच करानी होगी। इसके बाद उपचार शुरू किया जाएगा।