शामली। ग्रेटर नोएडा में आयोजित यूपी प्रो-कबड्डी लीग प्रतियोगिता में शामली के तीन खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन किया। जनपद पहुंचने पर खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
हाल में 11 जुलाई से 25 जुलाई के बीच ग्रेटर नोएडा के इंदौर स्टेडियम में यूपी प्रो-कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ था। जिसमें अलग-अलग टीमों ने जनपद के आठ कबड्डी खिलाड़ियों को टीम में खिलाने के लिए खरीदा था। जिसमें सबसे महंगा खिलाड़ी अभिजीत मलिक को 2.60 हजार रुपये में संगम चैलेंजर ने खरीदा था। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला संगम चैलेंजर व लखनऊ लायंस के बीच हुआ था। जिसमें शामली के तीन खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन किया है। संगम चैलेंजर की टीम खेल रहे कांधला क्षेत्र के गांव मखमूलपुर निवासी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अभिजीत मलिक ने 157 लेग प्वाइंट हासिल करते हुए द्वितीय बेस्ट राइडर का खिताब जीता। वहीं संगम चैलेंजर में ही खेल रहे गांव कुड़ाना के मयंक मलिक ने 47 लेग कैच लेकर अच्छा प्रदर्शन किया। वहीं गांव भभीसा के अभिनव जावला ने भी संगम चैलेंजर टीम में अच्छा प्रदर्शन किया। सहारनपुर के कबड्ड़ी कोच संदीप कुमार व शामली कबड्डी कोच संजू ने अच्छा प्रदर्शन करने वाले सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। कहा कि भविष्य में भी खिलाड़ी जिले का नाम रोशन करेंगे।