शामली माजरा रोड स्थित हॉट स्पॉट सेंटर
- फोटो : SHAMLI
शामली। जिले में कोरोना पॉजिटिव के तीन नए और केस मिले हैं। इनमें एक महिला और एक पुरुष है, दोनों एक ही मोहल्ले के रहने वाले हैं। पांच दिन पहले मोहल्ले में रैंडम सैंपल लिए गए थे, जिनमें इन दोनों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावा कैराना निवासी एक युवक की रिपोर्ट भी कोरोना पाजिटिव आई है।
जनपद में कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है, जिस कारण कोरोना पॉजिटिव केस बढ़ते जा रहे हैं। शनिवार को मेरठ मेडिकल से आई सैंपलों की रिपोर्ट में तीन लोग और कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। दोनों लोग अलग-अलग परिवार से बताए गए हैं। जबकि एक कैराना निवासी युवक है। बताया गया है कि निकट के एक मोहल्ले में रहने वाले युवक की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद आसपास के मोहल्लों में रैंडम सैंपल लिए गए थे। पांच दिन पहले लिए गए सैंपलों को जांच के लिए मेरठ मेडिकल भेजा गया था। कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तीनों को कोविड अस्पताल झिंझाना में भर्ती कराया है। डीएम जसजीत कौर ने बताया कि शनिवार को मेरठ से प्राप्त सैंपलों की रिपोर्ट में तीन लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। दो शामली के एक ही मोहल्ले के रहने वाले हैं, जबकि एक कैराना का निवासी बताया गया है।
शामली माजरा रोड स्थित हॉटस्पॉट सेंटर- फोटो : SHAMLI