शामली। दो बाइक सवार छह युवकों ने मामूली कहासुनी को लेकर शनिवार को धारदार हथियारों से हमला करके दुकानदार के पुत्रों समेत तीन युवकों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने एक हमलावर की पहचान कर ली है। देर रात सोशल मीडिया पर घटना की वीडियो वायरल हो गई।
मोहल्ला धीमानपुरा निवासी विजय कुमार की भिक्की मोड़ के निकट पेंट की दुकान है। उसके पुत्र शुभम और राहुल सुबह करीब साढ़े आठ बजे दुकान खोल रहे थे। इसी दौरान बाइक पर तीन युवक आए। उन्होंने राहुल से गालीगलौज कर दी। इस पर आशु निवासी गुजरातियान ने बीचबचाव करा दिया था। इसके कुछ समय बाद आरोपी तीनों युवक दूसरी बाइक सवार तीन अन्य साथियों के साथ आए। उन्होंने आशु को सिर पर बलकटी से तथा शुुुभम पर रॉड से हमला करके गंभीर रूप से घायल कर दिया। वहीं, राहुल का हाथ तोड़ दिया। इसके पश्चात हमलावर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाली पुलिस ने बताया कि हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं, एक आरोपी की पहचान हो चुकी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।