थानाभवन। दहेज की मांग पूरी न होने पर पहले पत्नी को मारपीट कर घर से निकालने और फिर डाक से तीन तलाक का नोटिस भेजने के मामले में पुलिस ने पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने ससुराल पक्ष के पांच अन्य लोगों के खिलाफ उत्पीड़न की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
क्षेत्र के गांव हिंड निवासी नसरीन ने तहरीर देकर बताया कि उसका निकाह नवंबर 2016 में मुजफ्फरनगर के खतौली क्षेत्र के बुसरान नाम के युवक के साथ हुआ था। शादी के कुछ दिन बाद ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे एक प्लाट खरीदने के लिए अपने घर से दस लाख रुपये लाने के लिए कहा। जब उसने असमर्थता जताई तो पति व ससुराल पक्ष के लोग उसके साथ मारपीट करने लगे। आरोप है कि उन लोगों ने उसे कई बार आत्महत्या करने के लिए भी उकसाया। कुछ दिन पूर्व पति ने पहले तो उसके साथ मारपीट की और फिर बेटे सहित उसे घर से निकाल दिया। तब से वह अपने पिता के घर हिंड में रह रही थी। आरोप है कि पांच अक्तूबर को उसके पति ने डाक के माध्यम से तीन तलाक का नोटिस भेज दिया। पीड़िता ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति बुसरान के खिलाफ तीन तलाक और अन्य सास फरीदा, जेठ शादाब, ससुर याकूब, ननद निसात व कय्यूम के खिलाफ उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।