शामली। यूपी बोर्ड परीक्षा 2022 के लिए जनपदीय समिति द्वारा 39 केंद्रों का निर्धारण किया गया है। निर्धारित परीक्षा केंद्रों को लेकर तीन कॉलेज ने बोर्ड की वेबसाइट पर आपत्तियां दर्ज की हैं, जिनमें दो कॉलेज ने केंद्र की दूरी 10 किमी से अधिक होना बताया। जबकि एक कॉलेज की तरफ से कोरोना संक्रमण को देखते हुए परीक्षार्थियों की संख्या अधिक होना बताया है।
डीआईओएस सरदार सिंह ने बताया कि निर्धारित परीक्षा केंद्रों को लेकर तीन आपत्तियां आई हैं। इनमें एक आपत्ति कन्या कलस्यान कालेज डुंडूखेड़ा के प्रधानाचार्य ने दर्ज कराई। बताया कि कॉलेज का परीक्षा केंद्र 10 किमी से अधिक दूर एसएन इंटर कालेज कैराना बनाया है। दूसरी आपत्ति जय जवान जय किसान इंटर कालेज मुंडेट कलां ने करते हुए बताया कि उनके कॉलेज का परीक्षा केंद्र 10 किमी से अधिक दूर आरडी इंटर कालेज सिक्का बनाया है। दोनों कॉलेज के प्रधानाचार्यों ने परीक्षा केंद्र नजदीक बनाए जाने की मांग की।
तीसरी आपत्ति एसएन इंटर कॉलेज कैराना के प्रधानाचार्य ने दर्ज करते हुए कहा कि कॉलेज को इंटर के 476 और हाईस्कूल के 351 विद्यार्थियों का परीक्षा केंद्र बनाया गया है। कोरोना संक्रमण को देखते हुए विद्यार्थियों की संख्या कम कर 400 की जानी चाहिए। डीआईओएस ने बताया कि बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुसार आपत्तियों की सुनवाई कर निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद बोर्ड द्वारा परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।