कैराना। विधानसभा चुनाव के मतदान से पहले पुलिस ने खुरगान गांव के जंगल में एक नलकूप पर चल रही तमंचा फैक्टरी पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ही काफी मात्रा में तैयार तमंचे, बंदूक, अधबने तमंचे बरामद किए।
बुधवार को पुलिस को सूचना मिली कि खुरगान गांव के जंगल में बड़े पैमाने पर तमंचे बनाए जा रहे हैं। अलसुबह करीब चार बजे कोतवाली प्रभारी ने एसएसआई और अपनी टीम के साथ खुरगान के जंगल में फुरकान उर्फ बहरा उर्फ कुरबान के नलकूप पर छापा मारा। पुलिस को देखकर वहा मौजूद दो आरोपियों ने भागने की कोशिश की। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने मौके से 10 तैयार तमंचे 315 बोर, एक तमंचा 12 बोर, तीन देसी बंदूक 12 बोर, दो पोनिया बंदूक 12 बोर, 23 अधबने तमंचे, 25 नाल 315 बोर, 20 नाल 12 बोर, वेल्डिंग मशीन, ग्रिल मशीन, आरी, हथोड़ी, प्लास, आरी, रेती आदि बरामद की।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि तमंचा फैक्टरी चलाने के आरोप में फुरकान उर्फ बहरा उर्फ कुरबान निवासी खुरगान और मुन्नवर निवासी अकबरपुर सुनहेटी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करके चालान कर दिया। फुरकान के ऊपर जानलेवा हमले, गैंगस्टर, गोकशी, आर्म्स एक्ट के करीब 16 मुकदमे दर्ज हैं। जबकि मुन्नवर के ऊपर एक जानलेवा हमले तथा एक आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज है।