शामली। शहर के शिवमूर्ति गांधी चौक निवासी व्यापारी की दुकान से 30 हजार रुपये के नए नोटों की तीन गड्डी ठग ली। मामला 15 दिन पुराना है। व्यापारी ने कोतवाली पहुंचकर रोष जताते हुए कार्रवाई की मांग की।
शिव मूर्ति गांधी चौक निवासी संजय कुमार ने बताया कि उसकी दुकान पर 18 मार्च को तीन युवक आए। आरोपियों ने उससे 100 रुपये के नए नोट की तीन गड्डी मांगी। उसने उन्हें तीन गड्डी दे दी। आरोपियों में एक ने व्यापारी के खाते में ऑनलाइन 30 हजार रुपये देने की बात कही और तेजी से वहां से बाइक पर बैठकर चले गए। पीड़ित व्यापारी का कहना है कि जब उसने फोन पे चेक किया तो खाते में 30 हजार रुपये नहीं मिले। इसके बाद व्यापारी ने आरोपियों की तलाश की, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल सका। आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए थे। पीड़ित का कहना है कि पुलिस ने अभी तक न तो प्राथमिकी दर्ज की और न ही आरोपियों को पकड़ पाई। शुक्रवार को पीड़ित व्यापारी ने कोतवाली प्रभारी से मिलकर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की। एसपी एनपी सिंह का कहना है कि इस मामले की जांच कराकर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई कराई जाएगी।