बाबरी/झिंझाना/थानाभवन। जिले में सोमवार को अलग-अलग स्थानों पर तीन युवकों के शव मिले हैं। इनमें दो शव की पहचान हुई है, जबकि एक शव की पहचान नहीं हो पाई है।
बाबरी थानाक्षेत्र में सोमवार दोपहर को गांव फतेहपुर के निकट पानीपत-खटीमा हाईवे किनारे दिव्यांग युवक का शव मिला। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त के प्रयास किए। युवक के हाथ पर शिव गोरख लिखा हुआ था। शाम को परिजनों ने शव की पहचान मोहन शर्मा (35) निवासी गांव गोगवान जलालपुर के रूप में की। परिजनों ने पुलिस को बताया कि मोहन पिछले कई साल शामली के मोहल्ला दयानंद नगर में पत्नी व बच्चों के साथ रह रहा था। वह ज्योतिष का कार्य करते थे। सीओ थानाभवन जितेंद्र कुमार ने बताया कि मृतक के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। वह यहां पर किस तरह पहुंचा। सीसीटीवी फुटेज व अन्य माध्यमों से जांच कराई जा रही है। शव को पोस्टमार्टम को भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का सही कारण पता चल सकेगा। परिजनों की तरफ से अभी तहरीर नहीं दी गई है।
-यमुना में युवक का क्षत-विक्षत शव मिला
झिंझाना क्षेत्र के ग्राम साल्हापुर के निकट यमुना में सोमवार दोपहर को नग्नहालत में युवक का क्षति विक्षत शव मिला है। ग्रामीणों ने शव को देखकर पुलिस को सूचना दी। चौसाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यमुना में दलदल और कीचड़ में फंसे शव को बाहर निकाला। शव की छाती का हिस्सा जंगली जानवरों या कुत्तों द्वारा नोचा गया था और उससे तेज दुर्गंध आ रही थी। शरीर पर कोई कपड़ा भी नहीं था। शव देखने से लग रहा है कि वह यमुना में पीछे से बहकर आया। पानी कम होने पर शव नजर आया। शव की पहचान नहीं हुई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया।
-थानाभवन में कृष्णा नदी में मिला शव
थानाभवन कस्बे के चरथावल रोड स्थित कृष्णा नदी में पुल के निकट झाड़ियों में शव मिला है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला। शव की पहचान राशिद (36) निवासी मोहल्ला रोगनग्रान थानाभवन के रूप में परिजनों ने की। चचेरे भाई मादिर ने बताया कि राशिद रविवार शाम को घर से गया था। इसके बाद घर नहीं लौटा। सीओ थानाभवन जितेंद्र कुमार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का सही कारण पता चल सकेगा। परिजनों की तरफ से अभी तहरीर नहीं दी गई है।