दुकान में चोरी के तीन आरोपी गिरफ्तार
शामली। थाना झिंझाना पुलिस ने दुकान का शटर तोड़कर चोरी करने के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से नगदी, चोरी का सामान व दो चाकू बरामद किए हैं।
झिंझाना के गाड़ी वाला चौराहा पर 28 फरवरी की रात को वसीम की ऑटो पार्ट्स की दुकान समेत कई अन्य दुकानों के शटर तोड़े गए थे। वसीम की दुकान के गल्ले से 30 हजार रुपये 20 बाल्टी मोबिल ऑयल व अन्य सामान चोरी कर लिया था। एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि बृहस्पतिवार को चेकिंग के दौरान झिंझाना थाना पुलिस ने शामली-करनाल हाईवे गुरुद्वारे के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के नाम रोजू उर्फ रहतू निवासी मोहल्ला चंदनपुरी कस्बा झिंझाना, वाजिद और रोशन निवासी मोहल्ला गाड़ी वाला कस्बा झिंझाना हैं। उनके कब्जे से 1900 रुपये, तीन बाल्टी मोबिल ऑयल, पांच कैन मोबिल ऑयल ओर दो चाकू बरामद हुए। इनका एक साथी गुलजार मौके से फरार हो गया।
आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वे दिन में ऐसी दुकानों की रेकी करते है, जहां पर रकम का लेनदेन अधिक होता है और सामान ज्यादा होता है। इसके बाद रात में लोहे की रॉड से शटर तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम देते थे। तीनों आरोपियों का चालान कर दिया गया है।