शामली। पंचायत चुनाव में शामली ब्लाक के गांव भैंसवाल की मतगणना के दौरान उस समय बखेड़ा हो गया, जब एक पक्ष ने दूसरे को गोली मारने की धमकी दे दी। इस पर दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। पुलिस दोनों को थाने ले आई।
ब्रिगेडियर होशियार सिंह इंटर कालेज में गांव भैंसवाल की मतगणना कमरा नंबर एक में चल रही थी। गांव में प्रत्याशियों की संख्या अधिक होने के कारण मतगणना के दौरान कमरे में भी एजेंटों की भीड़ लगी थी। प्रधान पद के उम्मीदवार उमेश ने आरोप लगाया कि कमरे में कुछ बाहरी एजेंट भी घुसे हुए हैं।
इसकी शिकायत उसने डीएम से भी की। डीएम के निर्देश पर सीडीओ, तहसीलदार ने कक्ष का निरीक्षण किया और शांति से मतगणना होने के निर्देश दिए। इसके बाद उमेश व दूसरे प्रत्याशी के एजेंट दर्शनलाल के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जिससे मामला बिगड़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी। इस दौरान वहां अफरा तफरी मच गई। तुरंत पुलिस पहुंची और दोनों को पकड़ लिया।
इस दौरान एक पक्ष ने दूसरे को बाहर निकलने पर गोली मारने की धमकी दे दी।
इस पर पुलिस ने उमेश व दर्शनलाल को धकेलते हुए गाड़ी में बिठा लिया और थाने ले आई। सीओ शामली निशांक शर्मा ने बताया कि दोनों मतगणना में बाधा डाल रहे थे, जिस पर उन्हें हिरासत में ले लिया गया है।