शामली। जिले में सरसों की फसल पर मरगोजा (ओरोबैंकी) परजीवी खरपतवार का खतरा मंडरा रहा है। यह खरपतवार फसल की जड़ों से पोषक तत्व और नमी खींचकर पौधों की बढ़वार प्रभावित करता है। समय रहते इसकी रोकथाम नहीं की गई तो फसल कमजोर होने के साथ उत्पादन में भी गिरावट आ सकती है।
कृषि विभाग ने किसानों को बिजाई के 25 से 30 दिन बाद खेतों की नियमित निगरानी करने की सलाह दी है। जिला कृषि अधिकारी प्रदीप यादव ने बताया कि किसान खेतों का निरीक्षण करते रहें और मरगोजा दिखाई देने पर उसे फैलने से पहले नियंत्रित करें। किसी भी खरपतवारनाशक या कीटनाशक का प्रयोग कृषि विशेषज्ञ की सलाह और निर्धारित मात्रा के अनुसार ही करें। छिड़काव के दौरान सावधानी बरतें और तेज हवा में दवा का प्रयोग न करें।
फसल के अनुसार खाद की मात्रा
- सरसों में प्रति एकड़ 16 किलो नाइट्रोजन और आठ किलो फास्फोरस की जरूरत है।
- सिंचित सरसों में 24 किलो नाइट्रोजन और आठ किलो फास्फोरस देना चाहिए।
- सिंचित राया में 32 किलो नाइट्रोजन और 12 किलो फास्फोरस की आवश्यकता होती है।
- रेतीली जमीन में नाइट्रोजन की आधी मात्रा बिजाई के समय और शेष पहली सिंचाई पर देने की सलाह है।