इस बार कम हो गए बोर्ड परीक्षार्थी
शामली। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटर की परीक्षा 2022 में पिछले साल के मुकाबले इस बार विद्यार्थियों की संख्या घटी है। इस बार 39 केंद्रों पर 24869 विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा देंगे जो पिछले साल की तुलना में 1608 विद्यार्थी कम हैं। बोर्ड परीक्षा का कार्यक्रम जारी होते ही शिक्षा विभाग तैयारियों में जुट गया है।
यूपी बोर्ड ने 24 मार्च से हाईस्कूल व इंटर की परीक्षाएं शुरू करने की घोषणा कर दी है। परीक्षा कार्यक्रम जारी होते ही शिक्षा विभाग अपनी तैयारियों में जुट गया है। डीआईओएस सरदार सिंह ने केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे, वॉयस रिकार्डर, डीवीआर आदि लगाने समेत सभी तरह की तैयारी करने के निर्देश दिए हैं। डीआईओएस ने बताया कि बुधवार शाम को माध्यमिक शिक्षा परिषद के विशेष सचिव जय शंकर दूबे ने वीडियो कांफ्रेंसिंग में सभी संयुक्त शिक्षा निदेशक, डिप्टी डायरेक्टर और डीआईओएस की बैठक लेकर बोर्ड परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए दिशा निर्देश दिए।
इस बार हाईस्कूल में 12836 संस्थागत, 188 व्यक्तिगत कुल 13024 विद्यार्थी और इंटर में 11 हजार संस्थागत, 845 व्यक्तिगत कुल 11845 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। इस तरह से जिले में 24869 विद्यार्थी यूपी बोर्ड की परीक्षा में सम्मिलित होंगे। वर्ष 2021 में हाईस्कूल में 13860 और इंटर में 12617 कुल 26477 विद्यार्थी पंजीकृत थे। कोरोना की वजह से पिछले साल बोर्ड परीक्षा रद्द हो गई थी। इस तरह से पिछले साल के मुकाबले इस बार 1608 विद्यार्थी कम हैं।
--जिले में पंजीकृत परीक्षार्थियों की स्थिति
हाईस्कूल: संस्थागत-12836, व्यक्तिगत - 188
इंटर : संस्थागत- 11000, व्यक्तिगत - 845