शामली में मतगणना की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते डीएम व एसएसपी।
- फोटो : SHAMLI
शुचिता और सावधानीपूर्वक संपन्न कराएं मतगणना
शामली। मतगणना के लिए बुधवार को डीएम जसजीत कौर की अध्यक्षता में वीवी इंटर कॉलेज में कार्मिकों को द्वितीय प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान उन्होंने पर्यवेक्षक, सहायक व माइक्रो ऑब्जर्वर को निर्देश देते हुए कहा कि सभी को टीम के रूप में कार्य करते हुए निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुसार मतगणना कार्य को शुचिता और सावधानीपूर्वक संपन्न कराना है।
डीएम ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान बताई जा रही पूरी प्रक्रिया समझ लें। मतगणना के दृष्टिगत समय से पहुंचना है, मोबाइल फोन प्रतिबंधित रहेगा। सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हो जाएगी। सभी सुबह छह बजे तक मतगणना स्थल पर पहुंचें। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, पुलिस फोर्स तैनात रहेगी।
सीडीओ शंभू नाथ तिवारी ने कहा कि मतगणना चुनाव का अंतिम चरण है, जो बहुत ही महत्वपूर्ण है। इसलिए प्रशिक्षण के दौरान मतगणना को शुचिता पूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए महत्वपूर्ण एक-एक बिंदु गहनता से समझते हुए सतर्क रहकर निर्वाचन प्रक्रिया को सकुशल संपन्न कराएं। एडीएम संतोष कुमार सिंह, डिप्टी कलक्टर शिव प्रकाश यादव, राजकीय इंटर कॉलेज कंडेला के प्राचार्य डॉ. अमित मलिक, विजय सिंह पथिक राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कैराना के प्रवक्ता डॉ. अजय बाबू शर्मा, एक्सईन पीडब्ल्यूडी, विपुल सूर्यवंशी के अलावा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे सभी संबंधित मौजूद रहे।