गढ़ीपुख्ता। थानाक्षेत्र के गांव ताना में रात को चोरों ने दो घरों से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नकदी समेत कीमती सामान चोरी कर लिया। सीओ ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। साथ ही फोरेंसिक और सर्विलांस टीम ने भी जांच पड़ताल की। एक रात में दो घरों में चोरी होने से ग्रामीणों में दहशत बनी है।
गढ़ीपुख्ता क्षेत्र के गांव ताना में शनिवार रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया। गांव निवासी नेत्रपाल परिजनों के साथ सोया था, जबकि दूसरे कमरे में ताला लगा हुआ था। रात में चोर दीवार फांदकर घर में घुस गए और ताला तोड़कर कमरे की अलमारी में रखे सोने की चेन, दो कड़े, डायमंड अंगूठी, एक जोड़ी सोने के कुंडल, चोदी की पांच जोड़ी पायजेब, चांदी का सिक्का, बिछुए और 5600 रुपये चोरी कर लिए। इसके बाद चोर ने गांव के ब्रजवीर के घर में घुस गए। रात में घर पर ब्रजवीर की मां सोयी हुई थी, जबकि अन्य परिजन घर से बाहर गए हुए थे। चोरों ने एक कंठी, सोने की दो चेन, तीन अंगूठी, एक जोड़ी झुमकी, तीन जोड़ी पायजेब, चांदी के 15 सिक्के, 6 जोड़ी बिछुए, एक तगड़ी, अहोई माता की दो माला और करीब 40 हजार रुपये चोरी कर लिए और फरार हो गए।
सुबह जब परिजन सोकर उठे तो उन्होंने घर में सामान इधर-उधर बिखरा देखा। घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर इकट्ठे हो गए। सीओ थानाभवन अमित सक्सेना और गढ़ीपुख्ता थाना प्रभारी महावीर प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पहुंचे। पीड़ित नेत्रपाल ने बताया कि उसकी पुत्री को बेटा हुआ है, उसके लिए गहने बनवाकर घर में रखे थे, चोर उन्हें भी चोरी कर ले गए। फोरेंसिक टीम और सर्विलांस टीम ने भी मौके पर पहुंचकर छानबीन की। थाना प्रभारी महावीर प्रसाद ने बताया कि पीड़ितों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घटना की जांच की जा रही है।
गढीपुख्ता क्षेत्र के गांव ताना में चोरी के बाद जानकारी देता युवक- फोटो : SHAMLI