डांगरोल के जंगल में किसान के अपहरण का असफल प्रयास करने का आरोपी मुठभेड़ में घायल
चार के खिलाफ दर्ज हुआ था केस, एक आरोपी भाग निकला
तमंचा, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
कांधला। कांधला थानाक्षेत्र के गांव डांगरोल में पांच दिन पूर्व खेत जा रहे किसान के अपहरण का प्रयास करने के एक आरोपी पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की है। पुलिस ने दावा किया कि आरोपी हत्या के इरादे से उसका अपहरण करना चाहते थे।
गांव डांगरोल निवासी किसान रवि 21 मई की शाम खेत जा रहा था। गांव के निकट कार सवार चार लोगों ने उसका अपहरण कर लिया था। लोगों के शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पीछा करने पर आरोपी किसान को आजादपुर गांव के निकट खेत में फेंककर भाग गए थे। आरोपियों ने किसान के साथ चलती कार में मारपीट की थी, जिसमें वह गंभीर घायल हुआ था।
परिजनों की तरफ से गांव के प्रधान पति मोनू व गुलाब निवासी गांव गोयला थाना शाहपुर जनपद मुजफ्फरनगर समेत चार के खिलाफ जान से मारने की नीयत से अपहरण करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एसपी रामसेवक गौतम ने बताया कि रविवार देर रात खंदरावली के निकट कांधला पुलिस के साथ मुठभेड़ में आरोपी गुलाब पैर में गोली लगने से घायल हो गया जबकि मोनू मौके से भागने में सफल रहा।
एसपी के मुताबिक, आरोपी गुलाब सिंह ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि उसकी विकास उर्फ मोनू से दोस्ती है । मोनू के होटल का कुछ दिन बाद उद्घाटन होना था, इसलिए वह चार पांच दिन से डांगरोल में आया हुआ था। मोनू के परिवार से रवि रंजिश रखता था, इस कारण वह, मोनू, सुधीर निवासी गांव बिजरौल जिला बागपत और एक अन्य ने सुधीर की स्कार्पियो में पहले शराब पी। इसके बाद उन्होंने रवि को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से कार में जबरदस्ती खींच लिया और उसके साथ मारपीट की। पुलिस के पीछा करने पर पकड़े जाने के डर से वे रवि को जंगल में फेंककर भाग गए थे। एसपी ने बताया कि इस घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी का चालान कर दिया गया है।
-