शामली। गर्मी का मौसम और बच्चों की स्कूल की छुट्टी हो तो स्वीमिंग पूल की याद आती है। गर्मी से राहत पाने के लिए स्वीमिंग पूल की मस्ती बच्चों से लेकर बड़ों तक को लुभाती है। होली के बाद गर्मी शुरू होते ही सुबह से शाम तक स्वीमिंग पूल पर चहल-पहल रहती थी। पूल में स्वीमिंग करने वालों की भीड़ लगी रहती थी। मई के महीने में स्कूलों की छुट्टी होते ही छात्रों की स्वीमिंग पूल पर भीड़ लग जाती थी, लेकिन इस बार लॉकडाउन के चलते शहर के स्वीमिंग पूल वीरान पड़े हैं। स्वीमिंग पूल में न पानी भरा है न पूल की साफ-सफाई है। न उनकी देखरेख करने वाला है। स्वीमिंग पूल पर ताले लटके हुए हैं।
गर्मी का यह सीजन तो खत्म हो गया
भैंसवाल रोड पर हरदेव कालोनी में निर्वाल वाटर एरिना स्वीमिंग पूल के संचालक हर्ष निर्वाल ने बताया कि लॉकडाउन में इस साल की गर्मी का सीजन को खत्म हो गया। आगे का अभी कुछ पता नहीं। पिछले करीब छह साल से चल रहे स्वीमिंग पूल पर गर्मी में सुबह से शाम तक भीड़ रहती थी। स्कूल की छुट्टी होते ही बच्चों की भारी भीड़ लगती थी। पिछले साल करीब सात लाख रुपये का सीजन हुआ था। लॉकडाउन से इस बार यह काम चौपट हो गया। सामाजिक संस्थाओं की तरफ से स्वीमिंग पूल को बुक कर लिया जाता था तो स्कूली बच्चों का समर कैंप चलता था, लेकिन इस बार कुछ नहीं है।
लॉकडाउन के चलते स्वीमिंग पूल पर लटका ताला
कैराना रोड पर स्थित दिल्ली पूल के गेन गेट पर ताला लगा हुआ मिला। फोन पर स्वीमिंग पूल के संचालक संजीव निर्वाल ने बताया कि पिछले साल स्वीमिंग पूल शुरू किया था। गर्मी के सीजन में सुबह से शाम तक युवाओं और छात्रों की भारी भीड़ रहती थी। मगर इस बार गर्मी शुरू होने से पहले ही लॉकडाउन हो गया। स्वीमिंग पूल में न पानी भरा और न ही साफ-सफाई हुई है। इस सीजन में तो चलने की उम्मीद ही कम है।
मेला सा लगता था
गांव मुंडेट कलां निवासी स्वीमर बिजेंद्र सिंह ने बताया कि गर्मी के दिनों में स्वीमिंग पूल पर नहाने वालों का मेला सा लगा रहता था। किसी भी समय भीड़ नहीं हटती थी। दिन का समय कब कट गया पता ही नहीं चलता था। इस बार समय कटना मुश्किल रहता है। लॉकडाउन में स्वीमिंग पूल बंद है और नहाने वाले घरों में कैद।
- स्कूल की छुट्टी होते ही स्वीमिंग पूल में नहाते थे और खूब मस्ती करते थे, लेकिन इस बार लॉकडाउन की वजह से घर में रहना पड़ रहा है। स्वीमिंग पूल बंद चल रहे है, इसलिए वहां जाने के बारे में सोचना ही बेकार है। - छात्र पार्थ पंवार
- स्वीमिंग पूल में नहाने की मस्ती उन्हें याद आती है, लेकिन लॉकडाउन चल रहा है। स्वीमिंग पूल बंद है। ऐसे में घर पर ही टंकी के पानी में नहाकर काम चला रहे है। - तानी बालियान
- स्कूल की छुट्टी के बाद समर कैंप में स्वीमिंग पूल में नहाने का मौका मिलता था, लेकिन इस बार स्वीमिंग पूल की मस्ती नहीं मिलेगी। इसे वह मिस कर रहे हैं। - विरोनिका चौधरी
- गर्मी के मौसम में स्वीमिंग पूल में नहाकर बड़ी राहत मिलती थी। एक घंटे तक नहाने के बाद ठंडक महसूस होती थी। बड़ा अच्छा लगता था, लेकिन इस बार लॉकडाउन की वजह से स्वीमिंग पूल बंद है, जिसके चलते इस बार स्वीमिंग पूल में नहाने का मौका नहीं मिलेगा। - लक्ष्य निर्वाल
शामली में कैराना रोड पर वीरान पडा स्वीमिंग पुल- फोटो : SHAMLI