शामली। नगरपालिका परिषद की बोर्ड बैठक शुक्रवार को आयोजित हुई। बैठक में चर्चा के बाद भवन एवं जलकर में 31 मार्च 2026 तक नागरिकों को 10 प्रतिशत छूट का लाभ दिए जाने का प्रस्ताव पारित किया गया।
बोर्ड बैठक में पहला प्रस्ताव नगरपालिका का वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट की तैयारी के लिए रखा गया। पालिकाध्यक्ष ने नियमानुसार पूर्ण विवरण सहित बजट तैयार करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि पूर्व के बजट में जो कार्ययोजना अवशेष रही है, उसको भी नए बजट में समाहित किया जाए। इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पास किया गया।
दूसरे प्रस्ताव में वित्तीय वर्ष 2025-26 के भवन कर व जलकर वसूली की छूट में समयावधि बढ़ाने का रखा गया। बोर्ड बैठक में सभासद रोबिन गर्ग ने सुझाव रखा कि शहर में स्वकर निर्धारण प्रणाली का सर्वे का कार्य चल रहा है। जिन वार्डों में सर्वे पूर्ण हो चुका है, उनके भवन व जलकर के बिल वितरित किए जा रहे हैं।
जिन वार्डों में बिल वितरित नहीं किए गए है, उन वार्डों में बिल प्राप्ति के पश्चात उन्हें भी छूट दी जाए। चर्चा के बाद भवन कर एवं जलकर में 31 मार्च 2026 तक नागरिकों 10 प्रतिशत छूट का लाभ देने का प्रस्ताव पारित हुआ।
पालिकाध्यक्ष ने बताया कि शहर में मुख्य चौराहों को नामकरण का कार्य पूर्ण हो चुका है, लेकिन मुख्य गलियों के नामकरण अभी तक नहीं हो पाए हैं। इनके नाम महापुरुषों के नाम पर रखे जाएंगे।
माजरा रोड पर ब्रिगेडियर होशियार सिंह इंटर कॉलेज के निकट पालिका की भूमि पर नमो पार्क का प्रस्ताव पास हुआ। इसके अलावा वार्डों में खाली पड़ी भूमि पर भी पार्कों व बरातघर का निर्माण कराए जाने के प्रस्ताव पास हुए।
बोर्ड बैठक में 25 सभासदों में 20 मौजूद रहें। कर अधीक्षक योगेश कुमार, जेई सिविल श्रीकांत सिंह राणा, जेई जलकल हर्षित गर्ग, लिपिक अनिल शर्मा, लक्ष्मण सिंह, प्रदीप बिडला, आशु , अमित पंवार, आजम, साजिद, वसीम अहमद मौजूद रहे। संचालन अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार सोलंकी ने किया।
शामली नगर पालिका सभागार में आयोजित बोर्ड बैठक में बोलते नगर पालिका चेयरमैन अरविंद संगल । सं
शामली नगर पालिका सभागार में आयोजित बोर्ड बैठक में बोलते नगर पालिका चेयरमैन अरविंद संगल । सं