शामली कलेक्ट्रेट सभागार में किसान को घरौनी का वितरण करते गन्ना मंत्री सुरेश राणा अन्य अधिकारी
- फोटो : SHAMLI
शामली। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी स्वामित्व योजना के तहत वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 हजार गांव के 20 लाख लोगों को घरौनियों का डिजिटल वितरण बटन दबाकर किया।
इसी क्रम में कलक्ट्रेट सभागार में घरौनियों का वितरण मुख्य अतिथि के रुप में कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा ने किया। उन्होंने 50 लाभार्थियों को घरौनी (ग्रामीण आवासीय अभिलेख) सौंपे। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक दिन है। आजादी के बाद गांव में एक बड़ा परिवर्तन है। पहले गांव में घर तथा घेर होता था पर कोई तरीका नहीं था कि आदमी मालिकाना हक के कागजात नहीं होते थे। अब घरौनियों के आधार पर व्यक्ति स्वयं अपना मालिकाना हक के साथ लाभ ले सकता है। यह योजना स्वावलंबन के साथ ताकत भी देगी। जनपद के गांव-गांव में टंकी स्थापित होगी और 700 फीट से पानी मिलेगा जो सेहत के लिए लाभकारी होगा। मुख्यमंत्री ने जनपद को 700 बेड का मेडिकल कॉलेज भी दे दिया है। प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सबको सुरक्षा, सड़क बिजली, पानी सभी सुविधाएं दी जा रही हैं।
डीएम जसजीत कौर ने बताया कि योजना के तहत जनपद में ड्रोन से सर्वे किया गया। जिसमें जनपद में कुल अधिसूचित किए गए 289 ग्रामों के सापेक्ष 251 ग्रामों में ड्रोन सर्वे पूर्ण हो चुका है। जिसके सापेक्ष योजना के तहत 170 गांवों की घरौनियां तैयार की जा चुकी है। घरौनियों के आधार पर विरासत में भी सुविधा प्राप्त होगी। कार्यक्रम में एडीएम संतोष कुमार सिंह, एसडीएम शामली बृजेश कुमार सिंह और लाभार्थियों ने प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री लाइव संबोधन भी सुना।