जिले में डीजल चालित छह सीटर टेंपो के संचालन पर लगेगी रोक
शामली। एनसीआर में शामिल जनपद शामली में अब सीएनजी से चलने वाले तीन सीटर ऑटो, टेंपो ही चल सकेंगे। जिले में डीजल से चलने वाले छह सीटर करीब 148 टेंपो ग्रामीण क्षेत्र के मार्गों पर चल रहे हैं।
शासन के निर्देश पर जिले में अब डीजल से चलने वाले टेंपो सड़कों पर नहीं दौड़ सकेंगे। एआरटीओ मुंशीलाल ने बताया कि जिले में पेट्रोल से चलने वाला कोई थ्री व्हीलर टेंपो नहीं चल रहा है। करीब 148 टेंपो डीजल से चलने वाले हैं। ये टेंपो शामली, चौसाना, कांधला, थानाभवन आदि में ग्रामीण क्षेत्र के मार्गों पर चल रहे हैं। एनसीआर में जनपद के शामिल होने के कारण छह सीटर टेंपो को परमिट जारी नहीं किया जाएगा। केवल तीन सीट वाले टेंपो सीएनजी संचालित को ही परमिट जारी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि टेंपो का आठ साल का परमिट जारी होता है। अब डीजल से चलने वाले टेपों को बाकी दो साल का परमिट जारी नहीं हो सकेगा। तीन सीट वाले डीजल से चलने वाले टेंपो को परमिट तब जारी होगा, जब वह उसे सीएनजी से चलाएगा। एआरटीओ ने बताया कि डग्गामार वाहनों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान कैराना रोड पर औद्योगिक क्षेत्र पुलिस चौकी पर चेकिंग के दौरान डीजल से चलने वाले दो टेंपो सीज किए गए हैं।
10 साल पुराने 20 वाहनों के परमिट निरस्त
शामली। एआरटीओ मुंशीलाल ने बताया कि जिले के स्कूलों में चल रही बसें और मैजिक समेत करीब 20 वाहन 10 साल पुराने हैं। इन वाहनों के परमिट निरस्त माने जाएंगे। इसके अलावा शासन ने कोरोना काल में 10 साल से कम वाले स्कूल के वाहनों की फिटनेस कराने की छूट 31 मार्च तक दी थी। उन्होंने बताया कि इस अवधि तक जिन स्कूल के वाहनों की फिटनेस नहीं कराई जाएगी, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।