शामली। नगरपालिका सभागार शामली में पालिकाध्यक्ष अरविंद संगल और वार्ड सभासद अजीत निर्वाल के बीच जमकर नोकझोंक हुई।
सोमवार दोपहर को पालिकाध्यक्ष अपने कार्यालय में थे। उसी समय वार्ड सभासद अजीत निर्वाल उनके कार्यालय में पहुंचे। सभासद ने कहा कि उन्हें अपने वार्ड की जनहित की समस्याओं को लेकर वार्ता करनी है। पालिकाध्यक्ष ने पांच मिनट बाद बात करने के लिए कहा। इस पर सभासद ने कहा कि वे जनता के काम के लिए आए हैं। नगर पालिका पर सभी का अधिकार है। इसलिए उनकी बात को सुना जाए, लेकिन पालिकाध्यक्ष ने फिर से पांच मिनट बाद बात करने को कहा। इसे लेकर दोनों के बीच जमकर नोकझोंक हुई। इस दौरान वहां मौजूद अन्य सभासदों ने किसी तरह मामला शांत कराया।
इस मामले में सभासद का कहना है कि वह वार्ड की समस्याओं को लेकर गए थे। उन्होंने पालिकाध्यक्ष को कोई अपशब्द नहीं कहे। उधर, पालिकाध्यक्ष का कहना है कि सभासद पूर्व में भी उन्हें धमकी दे चुके हैं। सभासद ने ऊंची आवाज में बोलकर एक तरह से उन्हें धमकाने की कोशिश की है। नगरपालिका में इस तरह का उनका यह तीसरा मामला है। इस मामले में वे विचार विमर्श के बाद पुलिस से शिकायत करेंगे।
- कर्मचारियों ने अरविंद संगल को सौंपा मांग पत्र
शामली। सोमवार का स्वायत्त शासन कर्मचारी महासंघ व उत्तर प्रदेशीय सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने नगर पालिकाध्यक्ष अरविंद संगल को दिए पत्र सौंपा।
शहर की बढ़ती जनसंख्या व क्षेत्रफल को ध्यान में रखकर पिछले दो सालों से कर्मचारी बढ़ाने की मांग की जा रही है, लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। उन्होंने कहा कि सोमवार को डोर टू डोर चालकों द्वारा वाहनों में तेल भरवाने गए तो वहां वार्ड सभासदों द्वारा चालकों को तेल देने से इंकार कर दिया गया। उन्होंने डोर टू डोर चालकों को तेल दिए जाने का कार्य वार्ड सभासदों द्वारा न करने, आउटसोर्स पर 100 कर्मचारियों को नियमानुसार पूरी पारदर्शिता के साथ रखे जाने, वर्दी देने, बीमा, ईपीएफ, ईएसआई का लाभ देने, स्थायी कर्मचारियों को एनपीएफ का लाभ दिलाने आदि मांगें रखी।
उन्होंने कहा कि अगर उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो यूनियन हड़ताल पर जाने को मजबूर होगी। इस मौके पर अमित कुमार, विनोद निर्वाल, प्रवीण कुमार, अश्वनी तेश्वर आदि मौजूद रहे।