चौसाना (शामली)। खोखरी नदी की खोदाई का सोमवार को फिर से शुरू कर दिया गया। ड्रेनेज खंड और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने गांव में पहुंचकर कब्जाधारियों के दावों को खारिज करते हुए खोदाई का कार्य शुरू करा दिया है। राजस्व विभाग की टीम ने पैमाइश कर निशानदेही की और कब्जाधारियों को वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी। रविवार को जेसीबी लेकर पहुंची टीम को ग्रामीणों के विरोध के चलते लौटना पड़ा था।
रविवार सुबह ड्रेनेज खंड के निर्देशन में जेसीबी मशीनें खोखरी नदी की खोदाई का कार्य कर रही थी, उसी दौरान गांव के कुछ कब्जाधारियों ने जमीन पर पट्टे होने का दावा करते हुए खुदाई कार्य को रुकवा दिया था। अमर उजाला ने सात मई के अंक में इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। सोमवार सुबह ड्रेनेज खंड के जेई जितेंद्र कुमार, एई अशोक कुमार, डीआरओ अशोक त्यागी व मनोज कुमार सहित लेखपालों की दो सदस्य टीम जिसमें अमरपाल सिंह व सुशील कुमार मौके पर पहुंचे।
उन्होंने कब्जाधारियों के दावों को खारिज करते हुए निशानदेही कर खुदाई का कार्य शुरू कराया। राजस्व टीम ने बताया कि खोखरी नदी पर किसी के भी पट्टे आवंटित नहीं हैं। लोगों ने नदी का भराव कर स्वयं ही जमीन को हिस्सों में बांटकर कब्जा कर रखा है ।कब्जाधारियों को सख्त चेतावनी दी गई है कि खुदाई में बाधा डालने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।