कैराना। गांव मामौर और सहपत की आबादी के निकट संचालित टायर फैक्टरी के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। दोनों गांवों के ग्रामीण फैक्टरी पर पहुंचे और जमकर हंगामा-प्रदर्शन करते हुए फैक्ट्री बंद करने की मांग की।
उनका कहना है कि फैक्टरी से कैंसर, काला पीलिया व अन्य बीमारियां फैल रही है। चेतावनी दी कि यदि प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं करता है, तो ग्रामीण स्वयं ईंटें उखाड़कर ले जाएंगे। रविवार शाम करीब 6 बजे गांव मामौर और सहपत के ग्रामीण टायर फैक्टरी के बाहर एकत्र हुए। जहां उन्होंने विरोध-प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है फैक्टरी से निकलने वाली दुर्गंध के कारण सांस लेना तक मुश्किल हो गया है। प्रदूषण बेतहाशा बढ़ रहा है, जिससे सांस संबंधी बीमारियों के अलावा काला पीलिया और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियां फैल रही है। ग्रामीणों ने कहा कि एक ओर सरकार प्रदूषण नियंत्रण की बात करती है, जबकि दूसरी ओर आबादी के नजदीक संचालित यह फैक्टरी लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर संकट बनी हुई है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायतें की गईं, लेकिन संबंधित अधिकारियों द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही फैक्टरी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, तो ग्रामीण शांत नहीं बैठेंगे और फैक्ट्री की ईंटें उखाड़कर बंद कराने का काम करेंगे। इस दौरान दिलशाद एडवोकेट, मास्टर नरेश, लियाकत, नरेंद्र कुमार, गौरव, संजीव, इकराम, नाजिम, शीशपाल, आबिद, देवेंद्र, नवाब, लोकेश बीडीसी, पप्पू कश्यप, प्रवीण कश्यप, सालिम चौधरी मौजूद रहे।