शामली। पत्नी ने साथ रहने से इंकार करने पर जहर खाने वाले युवक की हालत में सुधार होने पर निजी अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। परिजन युवक को अपने साथ घर ले गए।
जलालाबाद निवासी 32 वर्षीय सियाराम कश्यप ने बृहस्पतिवार की दोपहर में महिला थाने के बाहर जहर खा लिया था। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। युवक ने पांच दिन पहले महिला थाने पर प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि वह अपनी पत्नी भारती को साथ रखना चाहता है, लेकिन वह उसके साथ रहना नहीं चाहती। महिला थाने पर पति-पत्नी को काउंसिलिंग के लिए बुलाया था। काउंसिलिंग के बाद दोनों को भेज दिया था।
महिला थाना प्रभारी निरीक्षक निधि चौधरी ने बताया कि काउंसिलिंग के दौरान भारती ने न्यायालय में तलाक का वाद दायर किए जाने की जानकारी देते हुए कागज प्रस्तुत किए थे। न्यायालय में तलाक का मामला विचाराधीन होने के कारण इस मामले में अभी कोई कार्रवाई नहीं की गई और न ही परिजनों की तरफ से कोई तहरीर मिली है। उपचार के बाद हालत में सुधार होने के बाद शुक्रवार को निजी अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। परिजन उसे अपने साथ घर ले गए।